Thursday , 8 October 2026

बिजनौर में शराब के नशे में खूनी तांडव: बहस के बाद सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ाया ट्रैक्टर, तीन की मौत; गांव में तनाव

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के ठेके पर हुए मामूली विवाद के बाद एक सिरफिरे चालक ने सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे निर्दोष ग्रामीणों पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस दिल दहला देने वाले हमले में तीन लोगों—उदयवीर, बाबूराम और महेंद्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और खुद आरोपी चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक साथ तीन मौतों से इलाके में कोहराम मच गया है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

शराब के ठेके से शुरू हुई थी कहासुनी

वारदात बीती रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दत्तीयाना गांव निवासी वीरेंद्र और जमालुद्दीनपुर निवासी सतवीर के बीच शराब के ठेके पर किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई थी। उस वक्त तो मामला किसी तरह शांत हो गया और लोग सड़क किनारे खड़े होकर सामान्य बातचीत करने लगे। लेकिन आरोपी वीरेंद्र के सिर पर खून सवार था। वह गुस्से में घर गया और वहां से तेज रफ्तार में ट्रैक्टर दौड़ाते हुए सीधे बातचीत कर रहे लोगों के झुंड में घुसा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूट गया और अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर भी मौके पर ही पलट गया।

दो की मौके पर मौत, तीसरे ने मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

ट्रैक्टर की सीधी टक्कर से उदयवीर और बाबूराम गंभीर रूप से कुचल गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महेंद्र को परिजन आनन-फानन में बिजनौर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी भी सांसें थम गईं। हादसे में घायल एक महिला को उपचार के लिए चांदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर घायल हुए मुख्य आरोपी वीरेंद्र को भी पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग, ग्रामीणों का भारी हंगामा

एक साथ तीन ग्रामीणों की निर्मम हत्या की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने आरोपी वीरेंद्र के घर पर तत्काल बुलडोजर चलाने और कड़ी से कड़ी सजा की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। वरिष्ठ अधिकारियों ने काफी मशक्कत और कड़ी समझाइश के बाद स्थिति को संभाला और तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चूंकि मामला दो अलग-अलग गांवों से जुड़ा हुआ है, इसलिए एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

 

Check Also

कानपुर में थाई युवती से निकाह और धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा: ‘धर्म में दो शादी जायज, नहीं सोचा था भारत आएगी’, आरोपी इरफान गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेम प्रपंच, धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण के …