Tuesday , 29 September 2026

लखनऊ के मलिहाबाद में सनसनीखेज मामला: नाबालिग की मांग में जबरन भरा सिंदूर, यौन शोषण और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और रूह कंपा देने वाला मामला प्रकाश में आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि जब वह नाबालिग थी, तब उसकी मांग में जबरन सिंदूर भरकर उसकी तस्वीरें खींची गईं और फिर उसे ब्लैकमेल कर लगातार शारीरिक शोषण का शिकार बनाया गया। पीड़िता के अनुसार, उस पर हिंदू धर्म छोड़ने, कलमा पढ़ने, बुर्का पहनने और देवी-देवताओं की पूजा बंद करने के लिए गंभीर दबाव डाला गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

नाबालिग उम्र में घर के बाहर जबरन भरा सिंदूर, फोटो खींचकर किया ब्लैकमेल

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना की शुरुआत 1 जनवरी 2021 को हुई थी। उस समय वह कक्षा 11वीं की छात्रा थी और उसकी उम्र करीब 16-17 वर्ष (नाबालिग) थी। आरोप है कि शाहनवाज नामक युवक ने पीड़िता के घर के बाहर अचानक आकर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें खींच लीं। जब पीड़िता ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने वह सिंदूर वाली फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

दुष्कर्म, जातिसूचक शब्द और परिवार को गायब करने की धमकी

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फोटो वायरल करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने का खौफ दिखाकर आरोपी शाहनवाज ने पीड़िता के साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, विरोध जताने पर पीड़िता को जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया गया और उसके पूरे परिवार को गायब करवाने की धमकियां दी गईं।

कलमा पढ़ने, बुर्का पहनने और मौलाना बुलाकर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने उस पर अपना धर्म बदलने के लिए चौतरफा दबाव बनाया। पीड़िता को हिंदू देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना बंद करने, बुर्का धारण करने और कलमा पढ़ने के लिए प्रताड़ित किया गया। आरोप के अनुसार, आरोपियों ने मौलाना को बुलाकर जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन कराने की साजिश रची और इनकार करने पर जान से मारने का खौफ दिखाया।

तीन आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता ने मलिहाबाद थाने में मुख्य आरोपी शाहनवाज के अलावा सीराज और शाहरुख के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह मलिहाबाद क्षेत्र की ही निवासी है और जिस समय यह प्रताड़ना शुरू हुई, वह पूर्णतः नाबालिग थी। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले के सभी तकनीकी, फॉरेंसिक और विधिक पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है।

 

Check Also

यूपी में पाइपलाइन से खुदी सड़कों की मरम्मत के लिए 1 अक्तूबर से चलेगा महाअभियान: ‘जल सारथी’ ऐप से होगी सीधी निगरानी, लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने …