Tuesday , 22 September 2026

रोटावेटर में फंसने से युवक की बुरी तरह से कटकर मौत…जुताई के दौरान फंसी घास निकालते समय हुआ हादसा



-टै्रक्टर चालक की लापरवाही से चली गई किसान की जान

कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र नंगापुर लोदीपुर गांव में मंगलवार सुबह जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसकर एक युवक की बुरी तरह से कटकर मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मिस्त्री बुलाकर रोटावेटर के पार्ट्स खुलवाए तब शव बाहर निकाला जा सका। घटना से परिवार सदमे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है।

नंगापुर गांव के विनय प्रताप सिंह उर्फ विक्रम (35) ने मंगलवार को लोदीपुर गांव के मोहर सिंह को खेत की जुताई कराने के लिए बुलाया था। मोहर सिंह अपने चाचा अमर सिंह का ट्रैक्टर चलाता है। वह ट्रैक्टर व रोटावेटर लेकर पहुंचा। खेत में जुताई करने के दौरान रोटावेटर में घास फंस गई। इस पर चालक ने हैड्रोलिक से रोटावेटर उठाकर विक्रम से घास निकालने को कहा। विक्रम घास निकाल रहा था तभी उसने रोटावेटर चला दिया। इससे विक्रम बुरी तरह से फंस कर कट गया। उसका शव रोटावेटर में फंसा छोडक़र चालक मौके से भाग गया। आसपास के किसानों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद मृतक का बेटा नकुल (7), गौरी (11) पत्नी मोनी, मां मुन्नी देवी, पिता परशुराम सिंह, छोटा भाई सूर्यप्रताप बिलखते रहे। ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जर्नादन प्रताप सिंह पामा चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिस बल के साथ पहुंचे। मामले में छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Check Also

लखनऊ के होटल में गोरखपुर के सिपाही की संदिग्ध मौत: कमरे में मिला शव, साथ रुका साथी रहस्यमय तरीके से गायब

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया …