Thursday , 24 September 2026

शादी की खुशियों में छाया मातम: फेरों के कुछ मिनट बाद क्रैश हुआ दूल्हा-दुल्हन का हेलिकॉप्टर, पति की लाश के नीचे 6 घंटे दबी रही नई नवेली दुल्हन; अब ठोका केस

अटलांटा/जॉर्जिया। अमेरिका के जॉर्जिया से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला वाकया सामने आया है, जहां सात फेरे लेने के कुछ ही मिनटों बाद शादी का उल्लास चीख-पुकार और मातम में बदल गया। डॉसनविले स्थित एक आलीशान वेडिंग वेन्यू में धूमधाम से परिणय सूत्र में बंधे जोड़े का हेलिकॉप्टर उड़ान भरते ही घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में 25 वर्षीय दूल्हे और हेलिकॉप्टर के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से लहूलुहान दुल्हन चमत्कारी रूप से बच गई। अब हादसे के करीब चार महीने बाद जिंदगी और मौत की जंग लड़कर लौटी पीड़िता दुल्हन ने वेडिंग वेन्यू और हेलिकॉप्टर ऑपरेटर कंपनी की घोर लापरवाही के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

10 साल पुराना प्यार, सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी और ‘हेलिकॉप्टर सेंड-ऑफ’

जानकारी के अनुसार, जेस्नी सैम और दूल्हे डेव फिजी का रिश्ता 10 साल से अधिक समय से चला आ रहा था। 29 मई को जॉर्जिया के डॉसनविले स्थित लग्जरी वेडिंग वेन्यू ‘द रेवरे’ (The Revere) में दोनों ने सैकड़ों रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में एक-दूजे का हाथ थामा था। रात करीब 9:30 बजे रिसेप्शन संपन्न होने के बाद नवविवाहित जोड़े को एक होटल ले जाने के लिए खास ‘हेलिकॉप्टर सेंड-ऑफ’ की व्यवस्था की गई थी, जिसके तहत दोनों को हेलिकॉप्टर से रवाना होना था।

खुद पायलट थे दूल्हा, जताई थी खराब मौसम पर चिंता

हैरान करने वाली बात यह है कि दूल्हा डेव फिजी खुद डेल्टा एयरलाइंस (एंडेवर एयर) में बतौर कमर्शियल पायलट कार्यरत थे और मौसम व उड़ान की बारीकियों को बखूबी समझते थे। उड़ान भरने से ऐन पहले डेव ने घने कोहरे, कम दृश्यता और बारिश को देखते हुए अपनी गहरी चिंता जाहिर की थी। डेव के पिता के अनुसार, बेटे ने साफ कहा था कि वह खुद ऐसे खराब मौसम में कभी उड़ान नहीं भरता। इसके बावजूद ऑपरेटर ने मौसम की गंभीरता को नजरअंदाज करते हुए अधिक ऊंचाई पर सुरक्षित उड़ान भरने का दावा किया और टेकऑफ करा दिया। उड़ान भरने के महज चंद मिनटों बाद ही हेलिकॉप्टर घने जंगलों में ऊंचे पेड़ों से टकराकर जमीन पर आ गिरा और उसके परखच्चे उड़ गए।

खौफनाक मंजर: पति के बेजान शरीर के नीचे मलबे में 6 घंटे तक फंसी रही दुल्हन

क्रैश के बाद का मंजर किसी खौफनाक दुस्वप्न से कम नहीं था। हादसे में जेस्नी बुरी तरह घायल होकर अचेत हो गईं। उनके कूल्हे (हिप), पैर, गर्दन, हाथ, उंगलियों और पेट में गंभीर फ्रैक्चर व अंदरूनी चोटें आईं। चेहरे और शरीर पर गहरे घाव हो गए। होश में आने पर जेस्नी ने पाया कि वह मलबे के बीच लाचार फंसी हुई हैं और उनके ऊपर उनके नवविवाहित पति का बेजान शव पड़ा था। करीब छह घंटे तक वह उसी दर्दनाक स्थिति में मलबे में तड़पती रहीं, जब तक कि बचाव दल ने उन्हें बाहर नहीं निकाला। जेस्नी आज भी उस खौफ से उबर नहीं पाई हैं और गंभीर पीटीएसडी (PTSD), डिप्रेशन, असहनीय ग्लानि, एंग्जायटी और उड़ानों के फोबिया से जूझ रही हैं।

वेडिंग वेन्यू और हेलिकॉप्टर कंपनी पर लापरवाही का गंभीर मुकदमा

पीड़िता दुल्हन ने वेडिंग वेन्यू ‘द रेवरे’ और ‘प्रेस्टीज हेलिकॉप्टर्स’ (Prestige Helicopters) के खिलाफ कोर्ट में घोर लापरवाही का मुकदमा दायर किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि उड़ान से पहले मौसम और दृश्यता का कोई उचित आकलन नहीं किया गया था। तेज बारिश, कोहरा और बादलों का कम स्तर होने के बावजूद व्यावसायिक दबाव में जोखिम भरा टेकऑफ कराया गया। पायलट ने भी आपात स्थितियों को देखते हुए उड़ान रद्द करने का फैसला नहीं लिया। साथ ही वेन्यू पर सुरक्षा मानकों और आपातकालीन उड़ानों को रद्द करने की तय गाइडलाइन का घोर अभाव था, जिसके चलते एक हंसती-खेलती जिंदगी बर्बाद हो गई। 

Check Also

क्या मुख्य चुनाव आयुक्त के पास बाकी आयुक्तों से ज्यादा पावर होती है? जानिए देश में निष्पक्ष चुनाव कराने वाली संस्था का पूरा गणित

लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव यानी चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र रूप से संपन्न …