
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करते हुए पहले कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिया और फिर अवैध पिस्टल से अपनी बाईं कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। वारदात को अंजाम देने से पहले उसने अपने दोस्तों को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर कहा था कि वह अब उनसे कभी बात नहीं कर पाएगा। जंगल किनारे लहूलुहान और अचेत हालत में मिले युवक को पुलिस लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रायसिंह खेड़ा निवासी करन यादव के रूप में हुई है।
ड्यूटी का कहकर निकला था, जंगल में मिला अचेत
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, करन वृंदावन कॉलोनी में एक व्यक्ति के यहां निजी चालक (ड्राइवर) के तौर पर काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर जाने की बात कहकर अपनी बाइक से घर से निकला था। दोपहर करीब एक बजे जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल में वह गंभीर हालत में पड़ा मिला। मुख्य सड़क किनारे उसकी बाइक खड़ी थी, जबकि बाइक से करीब 100 मीटर अंदर जंगल में करन अचेत पड़ा हुआ था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था और बाईं कनपटी से खून बह रहा था।
मौके पर मिली अवैध पिस्टल, जहर की शीशियां और गिलास
जंगल की ओर से गुजर रहे राहगीरों ने जब युवक को खून से लथपथ देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को तलाशी के दौरान पास में ही एक अवैध पिस्टल पड़ी मिली। इसके अलावा घटनास्थल से पानी और कोल्डड्रिंक की खाली बोतलें, एक डिस्पोजल प्लास्टिक गिलास और जहरीली दवा की दो खुली शीशियां बरामद की गईं। प्रारंभिक साक्ष्यों से साफ हुआ कि करन ने पूरी योजना के साथ कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिया और फिर उसी दौरान खुद को गोली मार ली।
गर्लफ्रेंड से लाइव कॉल पर की खुदकुशी, दोस्तों को भेजा था मैसेज
पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का सनसनीखेज पहलू सामने आया है। बिजनौर थाना प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के अनुसार, करन का एक युवती से अफेयर चल रहा था। घटना के वक्त वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर जुड़ा हुआ था। कॉल के दौरान ही उसने युवती को स्क्रीन पर पिस्टल दिखाई और कहा कि वह जहर पीकर इसी हथियार से आत्महत्या करने जा रहा है। यही नहीं, उसने बीती रात अपने करीबी दोस्तों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर अपनी मानसिक परेशानी साझा की थी और लिखा था कि वह बहुत परेशान है और आगे उनसे कभी बात नहीं कर पाएगा।
परिवार में मचा कोहराम, अवैध हथियार की हो रही जांच
अस्पताल में मौत की पुष्टि के बाद करन के घर में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में उसकी मां केशाना और दो बड़े भाई रंजीत व सोनू हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुदकुशी में इस्तेमाल की गई पिस्टल पूरी तरह अवैध है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि युवक के पास यह गैरकानूनी हथियार कहां से आया और किस बात को लेकर उसका युवती से विवाद हुआ था।
voice of india