हैदराबाद ब्यूरो। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित अलवाल थाना क्षेत्र से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 16 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा को पहले ड्रग्स और नशे की लत में धकेला गया, फिर अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की गई। पुलिस के अनुसार, इस घिनौने अपराध में 8 युवकों की भूमिका उजागर हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 8 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
नशीली चॉकलेट देकर कार में दुष्कर्म पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पीड़िता मच्छाबोल्लारम इलाके की रहने वाली है। स्कूल के दिनों में उसकी पहचान एक युवक से हुई थी। कुछ माह बाद वरुण नामक आरोपी ने छात्रा को नशीला पदार्थ मिली चॉकलेट खिला दी। बेहोश होते ही आरोपी उसे कार में ले गया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी के एक अन्य साथी ने भी छात्रा को अपने चंगुल में फंसा लिया। आरोप है कि उसने किशोरी को गांजे, सिगरेट और सिंथेटिक ड्रग्स का आदी बनाया और फिर कोमपल्ली इलाके में उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं इंस्टाग्राम के जरिए जुड़े एक अन्य युवक पर भी छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार का आरोप है।
डांट के बाद घर छोड़ा, रेलवे स्टेशन पर दरिंदों ने घेरा बेटी के बदले व्यवहार को देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। माता-पिता ने जब उसे डांट-फटकार कर समझाने का प्रयास किया, तो छात्रा आहत होकर 9 सितंबर को घर छोड़कर निकल गई। वह बोल्लारम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां उसकी मुलाकात एक और युवक से हो गई। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मासूम को झांसे में लिया, उसे नशीला पदार्थ दिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे किसी अन्य ठिकाने पर ले जाया गया, जहां दो अन्य युवकों ने भी उसके साथ हैवानियत की।
बंधक बनाया, फिर चलती ट्रेन में भी घिनौनी करतूत आरोपी रेलवे स्टेशन से छात्रा को बोल्लारम स्थित अपने घर ले गया और वहां उसे बंधक बनाकर रख लिया। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर वहां से भागी और दोबारा रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया। वह अपने साथी की मदद से छात्रा को मेडचल रेलवे स्टेशन ले गया, जहां ट्रेन के भीतर भी उसके साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। इसके बाद सभी आरोपी उसे मलकाजगिरी की ओर छोड़कर फरार हो गए।
घर पहुंचकर बयां किया खौफनाक सच, 8 हिरासत में दरिंदों के चंगुल से बचकर 10 सितंबर को बदहवास हालत में छात्रा अपने घर पहुंची। उसने रोते हुए माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत अलवाल थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट और गैंगरेप की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर मामले में शामिल सभी आठों आरोपियों को दबोच लिया है।
voice of india
