Monday , 14 September 2026

Kanpur News: ‘घर आकर सब बताऊंगी…’ रात को रोते हुए मां को किया फोन, अगली सुबह संदिग्ध हालात में फंदे पर मिली लाश; जिसे अपनाने के लिए अपनों से लड़ी, उसी घर में….

बिल्हौर, कानपुर। जिस बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर, अपनों से बगावत कर अपने हमसफर को चुना था, उसी की मांग का सिंदूर महज चार महीने में उजड़ गया। कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद ससुराल गई नवविवाहिता रमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से चंद घंटे पहले उसने अपनी मां को फोन कर रोते-बिलखते अपने दर्द की दास्तान साझा की थी और कहा था कि वह घर आकर सब कुछ बताएगी। लेकिन मायके वालों के पहुंचने से पहले ही उसकी अर्थी सज गई। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित ससुराल के पांच सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हादसे के बाद भी नहीं छोड़ा था साथ, परिवार से लड़कर रचाई थी शादी

चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर मुड़हर गांव निवासी रमाकांत पांडेय ने बताया कि उनकी बेटी रमा की शादी 5 मई को बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के सुजावलपुर भढ़िया निवासी गणेश शंकर तिवारी के साथ हुई थी। शादी तय होने के बाद गणेश शंकर एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें उनके हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर आए थे। लड़के की नाजुक शारीरिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने शादी से साफ मना कर दिया था।

मगर, रमा अपने फैसले पर अडिग रही। उसने परिजनों को समझाते हुए कहा कि ‘हादसा किसी के साथ भी हो सकता है, ऐसे वक्त में वह अपने जीवनसाथी का साथ नहीं छोड़ेगी।’ बेटी की जिद और प्रेम के आगे पिता और परिवार को झुकना पड़ा और दोनों की धूमधाम से शादी करा दी गई।

शादी के एक महीने बाद ही बुलेट की मांग, शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला

पिता का आरोप है कि शादी के महज एक महीने बाद ही ससुराल पक्ष का असली चेहरा सामने आ गया। पति और ससुराल वाले रमा पर मायके से अतिरिक्त दहेज के तौर पर ‘बुलेट मोटरसाइकिल’ लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मौत से एक रात पहले रमा ने अपनी मां को फोन किया था। फोन पर वह बुरी तरह रो रही थी और उसने अपनी जान को खतरा बताया था। उसने मां से गुहार लगाई थी कि वे उसे लेने आएं, वह घर आकर सारी बात विस्तार से बताएगी। लेकिन अगली सुबह ससुराल से उसकी मौत की खबर आई।

बेड पर पड़ा मिला शव, मायके वालों ने लगाया जहर देकर मारने का आरोप

सूचना पाकर बदहवास हालत में पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने देखा कि रमा का शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। ससुराल पक्ष का दावा था कि उसकी मौत किसी बीमारी के चलते हुई है, जबकि मायके वालों ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर रमा को जहर देकर मार डाला गया है। हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी बिल्हौर अंकित कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

विसरा सुरक्षित, पति समेत पांच ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का केस

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। डॉक्टरों ने मौत का सही कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित (प्रिजर्व) रख लिया है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।

एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि मृतका के पिता रमाकांत की तहरीर पर पति गणेश शंकर तिवारी, चाचा ससुर कमल तिवारी, चाची सास राजकुमारी, जेठानी पूजा और चचेरी ननद तृप्ति के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

 

Check Also

रंगिया के होटल में खौफनाक वारदात: शक के चलते 22 वर्षीय युवक ने कैंची और टेस्टर से गोदकर की प्रेमिका की हत्या, खुदकुशी का भी किया प्रयास

गुवाहाटी। असम के कामरूप ग्रामीण जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया …