
कानपुर। जिस लाडली ने चंद मिनट पहले बेहद लाड़-प्यार से जिद कर अपने पिता को निवाला खिलाया था, उसी बेटी के एक खौफनाक कदम ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। महाराजपुर थाना क्षेत्र के कनवापुर गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां 15 साल की नौवीं की छात्रा अंजलि ने पिता के काम पर जाते ही घर की सीढ़ियों में लगी सरिया के सहारे साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। हंसी-खुशी पिता को विदा करने वाली बेटी के इस आत्मघाती कदम से गांव में मातम पसरा है, वहीं खुदकुशी के पीछे की वजह अब तक पहेली बनी हुई है।
जिद कर पिता को खिलाया था खाना, फिर उठाया आत्मघाती कदम
तिलसहरी खुर्द गांव के मजरा कनवापुर निवासी मजदूर संजय पाल की 15 वर्षीय बेटी अंजलि गांव के ही इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अंजलि ने घर के जीने (सीढ़ियों) में निकली सरिया पर साड़ी का फंदा बांधा और उस पर झूल गई।
आंखों में आंसू लिए पिता संजय ने बताया कि रोजाना की तरह वह सुबह मजदूरी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। अंजलि ने सुबह उठकर खुद पूरा खाना बनाया और जिद करने लगी कि वह आज अपने हाथों से ही उन्हें खाना खिलाएगी। पिता को क्या मालूम था कि बिटिया का यह प्यार भरा आग्रह उसका आखिरी विदा संदेश था। संजय बेटी के हाथों से भोजन करने के बाद काम के लिए निकल गए, जिसके कुछ ही मिनटों बाद अंजलि ने खौफनाक कदम उठा लिया।
मां चारा डालकर लौटी तो फंदे पर लटकी मिली लाडली
वारदात के वक्त अंजलि घर में पूरी तरह अकेली थी। पिता मजदूरी पर जा चुके थे और उसकी मां अनीता मवेशियों को चारा डालने घर के बाहर गई हुई थीं। कुछ देर बाद जब मां चारा डालकर वापस घर लौटीं, तो जीने की ओर नजर पड़ते ही उनकी चीख निकल गई। सामने अंजलि का शव फंदे से लटक रहा था। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़ पड़े और देखते ही देखते घर पर भारी भीड़ जमा हो गई। दो भाइयों की इकलौती बहन अंजलि के इस कदम से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग, खुदकुशी की वजह तलाश रही पुलिस
सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य संकलित किए और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से अंजलि के व्यवहार और घर के माहौल को लेकर बारीकी से पूछताछ की, लेकिन किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा सकती है।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के अनुसार, किशोरी के खुदकुशी करने की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। परिजनों ने भी किसी तरह के विवाद या परेशानी की बात से इनकार किया है। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
voice of india