Tuesday , 8 September 2026

बेतिया में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: मां के पास सो रहा 3 माह का मासूम अचानक हुआ गायब, फिर गड्ढे में मिला शव; इलाके में सनसनी

बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंतर्गत साठी थाना क्षेत्र के पोईया खाप टोला में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी मां की गोद के पास गहरी नींद में सो रहा महज 3 माह का मासूम अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया। परिजनों और पुलिस की सघन तलाश के बाद गांव के ही पास एक गड्ढे से मासूम का शव बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिस्तर से अचानक लापता हुआ गोल्डन, डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची पुलिस मृतक मासूम की पहचान परोरा पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित पोईया खाप टोला निवासी रविंद्र राम और रीना देवी के तीन माह के बेटे गोल्डन कुमार के रूप में हुई है। शनिवार सुबह जब मां की आंख खुली तो बच्चा बिस्तर से नदारद था। परिजनों ने घर और आसपास के पूरे इलाके में खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के बीच फौरन पुलिस को सूचना दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नरकटियागंज एसडीपीओ (डीएसपी) जयप्रकाश सिंह भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वॉड विशेषज्ञ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने गांव के रास्तों और संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से जांच की।

चरवाहों ने गड्ढे में देखा शव, गांव में मचा कोहराम तलाशी अभियान जारी ही था कि गांव के निकट सुनसान इलाके में मौजूद चरवाहों की नजर एक गड्ढे में पड़े मासूम के शव पर पड़ी। चरवाहों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण, पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। गड्ढे से शव निकलते ही मां रीना देवी बेसुध होकर गिर पड़ीं और पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल को सील किया और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए।

अपहरण के बाद हत्या की आशंका, पुलिस जांच में उलझी गुत्थी मां के पास सुरक्षित सो रहे 3 माह के बच्चे का अचानक गायब होना और फिर कुछ दूरी पर गड्ढे में मृत पाया जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया अपहरण के बाद हत्या के एंगल से जोड़कर देख रही है। हालांकि, मासूम को किसने और किस रंजिश में निशाना बनाया, यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर संदिग्ध पहलू को खंगाला जा रहा है।

 

Check Also

बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह की सियासत में एंट्री! बुलंदशहर से दिया बड़ा बयान, बताया कब लड़ेंगी चुनाव

कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के परिवार से अब एक और सियासी चेहरा …