
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसा पेश आया, जहां गंगा बैराज के निकट एक 4-सीटर डुअल इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। इस हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट दोनों की मौके पर ही जान चली गई। घटना की पुष्टि करते हुए कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि मृतकों की पहचान गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है।
उड़ान भरने के 20 मिनट बाद ही हुआ हादसा पुलिस कमिश्नर के अनुसार, ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में संचालित ‘गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर’ से टेकनम (Tecnam) 4-सीटर एयरक्राफ्ट ने सुबह करीब 11:30 बजे नियमित प्रशिक्षण के लिए टेक-ऑफ किया था। उड़ान भरने के महज 20 मिनट बाद, लगभग 11:50 बजे विमान अनियंत्रित होकर गंगा बैराज के समीप जा गिरा। तकनीकी खराबी या अन्य किसी कारण से विमान का संतुलन बिगड़ा, यह जांच का विषय बना हुआ है।
आसमान से विमान गिरते देख हड़कंप, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित आसमान से तेज आवाज के साथ विमान को नीचे गिरते देख आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही पलों में ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाते ही स्थानीय प्रशासन और नवाबगंज थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से घायल इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
DGCA की टीम करेगी विस्तृत तकनीकी जांच पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्यों को सील कर दिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को हादसे की औपचारिक सूचना दे दी गई है। विमान के क्रैश होने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए डीजीसीए की विशेषज्ञ टीम जल्द ही तकनीकी और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी।
voice of india