Saturday , 15 August 2026

उदयपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात: घर के संदूक में प्लास्टिक में लिपटे मिले लापता बुजुर्ग दंपति के शव, इलाके में सनसनी

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र सायरा थाना अंतर्गत पुनावली गांव में दो दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता बुजुर्ग दंपति के शव उनके ही घर के अंदर रखे एक बड़े बक्से (संदूक) से बरामद हुए हैं। शुक्रवार सुबह जब बंद घर से असहनीय बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों ने अंदर जाकर जांच की। बक्सा खोलने पर दंपति के शव प्लास्टिक में लिपटे हुए मिले, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

दूध देने नहीं पहुंचे तो हुआ शक, खुला पड़ा था मुख्य दरवाजा

मृतक दंपति की पहचान लहरी लाल पालीवाल और उनकी पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है। लहरी लाल दूध सप्लाई का काम करते थे। बुधवार सुबह जब वे रोजाना की तरह दूध लेकर नहीं पहुंचे, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। घर जाकर देखने पर मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर कोई मौजूद नहीं था। पड़ोसियों ने तुरंत गुजरात के राजकोट में कार्यरत उनके बेटे मनोहर को फोन पर इसकी जानकारी दी। बेटे के कहने पर रिश्तेदारों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद बेटे ने सायरा पहुंचकर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

ग्रामीणों ने किया था थाने का घेराव, तेज बदबू ने खोला राज

दंपति के लापता होने के 24 घंटे बाद तक कोई सुराग न मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को सायरा थाने का घेराव कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया था। पुलिस और परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे। शुक्रवार को जब घर से तेज दुर्गंध उठी, तो लोगों ने दोबारा सघन तलाशी ली। कमरे में रखे बक्से को खोलने पर दोनों के शव थैली और प्लास्टिक में पैक मिले, जिससे हर कोई सन्न रह गया।

रेकी कर खौफनाक वारदात को अंजाम देने का अंदेशा

बुजुर्ग दंपति पिछले कई सालों से गांव में अकेले रहते थे क्योंकि उनका इकलौता बेटा काम के सिलसिले में राजकोट में रहता है। बेटे मनोहर ने बताया कि मंगलवार रात उसकी मां से सामान्य बातचीत हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर दोनों की हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के मकसद से शवों को प्लास्टिक में लपेटा, संदूक में बंद किया और उसके ऊपर बिस्तर व कपड़े रख दिए ताकि किसी को शक न हो। परिजनों का मानना है कि अकेलेपन का फायदा उठाकर रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर संदिग्धों व पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

 

Check Also

कानपुर में सुहागिन के भेष में मिली गर्भवती दलित युवती की लाश : दो प्रेमियों पर हत्या का केस, DNA टेस्ट खोलेगा गर्भस्थ शिशु का राज

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद स्थित पतारा कस्बे से एक सनसनीखेज और पेचीदा वारदात …