Thursday , 6 August 2026

सीतापुर में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी में बहकर 6 साल के मासूम की मौत, नाला निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार पर FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बिसवां कस्बे से एक बेहद कलेजा कपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां पक्का कटरा (जोशी टोला चौराहा) के पास नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम सलमान की अकाल मौत हो गई। 3 अगस्त की शाम करीब 6 बजे हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद सामने आई नगर पालिका की जांच रिपोर्ट में नाला निर्माण कराने वाले ठेकेदार की घोर लापरवाही उजागर हुई है, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित ठेकेदार पर शिकंजा कस दिया है।

खेलते-खेलते नाले में फिसला मासूम, CHC में डॉक्टरों ने तोड़ा दम

मिली जानकारी के अनुसार, जोशी टोला निवासी इकबाल का 6 वर्षीय बेटा सलमान बारिश के समय घर के पास मौजूद था। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव बेहद उफान पर था। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण मासूम अचानक नाले में जा गिरा और पानी के प्रचंड वेग में बह गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिसवां लेकर भागे। हालांकि, जिंदगी और मौत की इस जंग में मासूम हार गया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में खुली पोल: साल भर पहले बने नाले के टूटे मिले पत्थर

मासूम की जान जाने के बाद हरकत में आए नगर पालिका प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच कराई। नगर पालिका परिषद बिसवां के निर्माण लिपिक और अवर अभियंता (सिविल) ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो वहां निर्माण कार्य की घटिया गुणवत्ता की पोल खुल गई। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि महज एक साल पहले ही ‘मेसर्स आरआर कंस्ट्रक्शन’ द्वारा इस नाले का निर्माण कराया गया था, लेकिन देखरेख और घटिया निर्माण के कारण कई जगहों से नाले को ढकने वाले पत्थर टूटे पड़े थे। इसी खुले और टूटे नाले की वजह से मासूम बच्चा हादसे का शिकार बन गया।

ठेकेदार पर गिरी गाज, बिसवां कोतवाली में मुकदमा दर्ज

जांच में प्रथम दृष्टया ठेकेदार की लापरवाही सिद्ध होने के बाद नगर पालिका निर्माण लिपिक अहमद हुसैन ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर बिसवां कोतवाली पुलिस ने ‘मेसर्स आरआर कंस्ट्रक्शन’ के प्रोप्राइटर व ठेकेदार राहुल मिश्रा (पुत्र स्व. छन्नू लाल मिश्रा, निवासी झज्जर, महमूदाबाद रोड बिसवां) के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या व लापरवाही से जुड़ी संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

UP Assembly Elections 2027: अखिलेश यादव का मास्टरस्ट्रोक! अयोध्या सीट से पवन पांडेय सपा प्रत्याशी घोषित, 2027 चुनाव के लिए पहला बड़ा दांव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में भले ही अभी समय बाकी हो, …