Monday , 3 August 2026

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक्शन: बिना आईडी कमरा देने वाला होटल मालिक गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

मोहनलालगंज, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ हुए जघन्य सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में लापरवाही बरतने और अपराधियों को पनाह देने के आरोप में संबंधित होटल के मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी होटल संचालक पर बिना किसी वैध पहचान पत्र (ID Proof) के नाबालिग को कमरा देने और इस संगीन अपराध में सहयोग करने का आरोप है।

फुसलाकर ले गए थे होटल, तीन दिनों तक हुई दरिंदगी

पुलिस के मुताबिक, बीते 24 जुलाई को पीड़िता की भाभी ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग ननद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। तफ्तीश के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी दुर्गेश, उसकी पत्नी खुशबू और राबिया ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने पास रखा था। इसके बाद 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया अपने पति विनोद के साथ नाबालिग को पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गई। वहां मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास को बुलाया गया, जिसने होटल के कमरे में तीन दिनों तक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।

मुख्य आरोपी समेत 5 पहले ही जा चुके हैं जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद पांचों आरोपियों—द्वारिका, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था।

सीसीटीवी फुटेज से खुला होटल मालिक का राज

विवेचना के दौरान पुलिस ने जब होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच की, तो होटल मालिक दीपक गुप्ता की बड़ी लापरवाही और संलिप्तता सामने आई। उसने नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी पहचान पत्र के नाबालिग किशोरी और अन्य लोगों को ठहराया था। रविवार को पुलिस ने होटल मालिक दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पूछताछ में कुबूला जुर्म, एसीपी बोले- नहीं बख्शे जाएंगे लापरवाह

पुलिस पूछताछ के दौरान होटल मालिक दीपक गुप्ता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने माना कि पीड़िता और अन्य आरोपी उसके होटल में बिना आईडी के रुके थे। उसने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी।

मामले पर एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही या सहभागिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी होटल संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी कमरा न दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

यूपी विधानसभा सत्र : लखनऊ में 5 किमी दायरे में धारा 163 लागू, नो-फ्लाइंग जोन घोषित और कई रास्ते बंद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने …