Sunday , 2 August 2026

एटा मेंवानियत की हदें पार: घर में सो रही महिला से रेप की कोशिश, विरोध करने पर लगाया करंट और जूते के फीते से घोंटा गला

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र में घर के अंदर सो रही एक महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने दरिंदगी और क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे पहले बिजली का करंट लगाया और फिर जूते के फीते से गला कसकर उसकी हत्या करने की भी कोशिश की। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है, वहीं गंभीर रूप से घायल पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पीछे के दरवाजे से घर में घुसा था आरोपी सनी यादव

पीड़ित परिवार के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की रात की है। महिला अपने घर में सो रही थी, तभी गांव का ही रहने वाला आरोपी सनी यादव पिछले दरवाजे से चुपचाप घर के अंदर घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का कुत्सित प्रयास किया। जब महिला की नींद खुली और उसने इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने क्रूरता की इंतहा पार करते हुए महिला को बिजली का करंट लगा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसने जूते के फीते से उसका गला कसकर जान से मारने का प्रयास किया।

5 साल के बेटे के रोने पर पहुंचे परिजन, मौके से भागा आरोपी

इस खौफनाक संघर्ष के दौरान महिला का पांच साल का मासूम बेटा अचानक जाग गया और अपनी मां की ऐसी हालत देखकर चीख-चीखकर रोने लगा। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और पड़ोसी तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों को अपनी तरफ आते देख आरोपी सनी यादव वहां से मौके से फरार हो गया। वहीं, महिला जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही अवागढ़ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

जेठ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही दबिश

पीड़िता के जेठ की शिकायत पर अवागढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

एटा पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई

पूरे मामले पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) श्वेता पांडे ने बताया कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है जो लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

Check Also

लखनऊ में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: 15 लाख की रिश्वत लेते LDA का जेई, सुपरवाइजर और दलाल रंगे हाथ गिरफ्तार ! 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में …