कानपुर। शहर के बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्रा-7 इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद कमरे से नवविवाहित दंपति के शव संदिग्ध हालात में बरामद हुए। कमरे के भीतर पति का शव फांसी के फंदे से झूल रहा था, वहीं उसकी पत्नी की लाश फर्श पर पड़ी मिली। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
4 दिन पहले ही किराए पर लिया था कमरा
पुलिस जांच के अनुसार, मृतकों की पहचान 36 वर्षीय सौरभ सविता और उनकी 30 वर्षीय पत्नी रानी सविता के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से सचेण्डी थाना क्षेत्र के निवासी थे। दंपति ने चार दिन पहले ही बर्रा-7 में अंकिला लाल सिंह यादव के मकान में एक कमरा किराए पर लिया था।
खिड़की से झांका तो उड़े उड़ गए होश
मकान मालिक और पड़ोसियों के मुताबिक, मंगलवार को पूरे दिन कमरे में कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी का संदेह होने पर जब एक अन्य किराएदार ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो कमरे का खौफनाक नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर सौरभ फंदे पर लटका हुआ था और रानी बेसुध हालत में फर्श पर पड़ी थी। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
5 महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह, परिजनों ने जतायी साजिश की आशंका
परिजनों ने जानकारी दी कि सौरभ और रानी ने करीब पांच महीने पहले ही लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली चले गए थे और वहां रह रहे थे। हाल ही में दोनों कानपुर वापस लौटे थे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मोबाइल कब्जे में लेकर जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा, पुलिस ने दंपति के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, जिनकी कॉल डिटेल (CDR), व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
डीसीपी साउथ का बयान
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि कमरे के अंदर से पति का शव फंदे पर लटका और पत्नी का शव फर्श पर मिला है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और अन्य सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आने के बाद ही साफ हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
