लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास (05 कालिदास मार्ग) पर उत्तर प्रदेश कैबिनेट की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में प्रदेश के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, महिला सशक्तिकरण और परिवहन व्यवस्था को नई रफ्तार देने वाले एक दर्जन से अधिक (12 प्रमुख) प्रस्तावों पर मुहर लगने की पूरी संभावना है।
कैबिनेट बैठक की समाप्ति के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तारीखों का औपचारिक ऐलान भी किया जा सकता है।
3 अगस्त से शुरू हो सकता है मानसून सत्र, राम मंदिर मुद्दे पर हंगामे के आसार
संसदीय कार्य विभाग की ओर से सबसे बड़ा मुद्दा उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तारीखों को लेकर है। माना जा रहा है कि इस बार 3 अगस्त से मानसून सत्र की शुरुआत हो सकती है।
यह सत्र विधायी कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टिकोण से भी काफी गर्माने वाला है। हाल ही में सामने आए राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर विपक्ष (समाजवादी पार्टी) सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से इस मुद्दे पर अब तक की गई सख्त कार्रवाइयों का ब्योरा सदन के पटल पर रखा जाएगा। इस विषय पर सदन में तीखी बहस और विशेष चर्चा होने के पूरे आसार हैं।
एक्सप्रेस-वे ग्रिड से जुड़ेगा पूरा यूपी, कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान
बैठक की कार्यसूची में सबसे ऊपर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के एक्सप्रेस-वे से जुड़े 3 बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं:
-
विंध्य एक्सप्रेस-वे अलाइनमेंट: ग्रीन फील्ड 06 लेन (भविष्य में 08 लेन) एक्सप्रेस-वे के प्रशासनिक संरेखण को मंजूरी देने का प्रस्ताव।
-
विंध्या-पूर्वांचल समर लिंक: 06 लेन संरेखण को 08 लेन तक विस्तारित करने पर सहमति।
-
यूपी एक्सप्रेस-वे ग्रिड: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे और मेरठ-फर्रुखाबाद लिंक को आपस में जोड़कर एक विशाल ग्रिड तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा, ईपीसी (EPC) मोड पर प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे की डीपीआर (DPR) तैयार करने और आरएफपी (RFP) को अंतिम अनुमोदन दिए जाने की तैयारी है।
महिला सशक्तिकरण: वाराणसी को मिलेगा 500 क्षमता का महिला छात्रावास
महिला कल्याण एवं उच्च शिक्षा विभाग के तहत वाराणसी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगीरथी महिला छात्रावास योजना के तहत वाराणसी में 500 की क्षमता वाले आधुनिक महिला छात्रावास के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। साथ ही, राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय में छात्राओं के लिए नए छात्रावास भवन के निर्माण को भी हरी झंडी मिल सकती है।
4000 करोड़ की इलेक्ट्रिक बसों से सड़कों पर दौड़ेगी ‘ग्रीन मोबिलिटी’
परिवहन विभाग ने प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए यूपी रोडवेज के बेड़े में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान 4000 करोड़ रुपये की लागत से नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने का नीतिगत प्रस्ताव रखा है।
इसके अलावा, कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों के हित में:
-
महिला कल्याण विभाग की 1998 की सेवा नियमावली में पहला संशोधन।
-
यूपी आउटसोर्सिंग सेवा निगम के संचालन हेतु 200 करोड़ रुपये का ब्याज रहित ऋण देने का प्रस्ताव।
‘कृष्णावतारम’ फिल्म होगी टैक्स फ्री? जानिए अन्य प्रमुख प्रस्ताव
बैठक में अन्य विभागों से जुड़े कई संवेदनशील और वित्तीय प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया जाएगा:
-
फिल्म टैक्स फ्री: राज्य कर विभाग द्वारा सांस्कृतिक महत्व की फिल्म ‘कृष्णावतारम’ को शत-प्रतिशत SGST प्रतिपूर्ति (टैक्स फ्री) देने पर विचार।
-
सहकारिता विभाग: लखनऊ स्थित ग्राम विकास बैंक को 650 करोड़ रुपये तक पुनर्वित्त और 1500 करोड़ की शासकीय गारंटी का प्रस्ताव।
-
गृह एवं स्टाम्प विभाग: राजभवन सचिवालय सेवा नियमावली 2026 का प्रख्यापन और कानपुर में उप निबंधक कार्यालय के नए भवन के लिए भूमि आवंटन।
voice of india
