बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पैसों के लेनदेन के मामूली विवाद ने चंद मिनटों में खूनी रूप अख्तियार कर लिया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में अंधाधुंध गोलियां चलीं, जिससे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस डबल मर्डर के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लाठी-डंडों से शुरू हुआ विवाद, फिर गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निजामपुर गांव में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे निकलने लगे। बात यहीं नहीं रुकी, लाठियों की जंग कुछ ही देर में सरेआम फायरिंग में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की तरफ से एक दर्जन से अधिक राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव थर्रा उठा और लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए।
अजब सिंह और सोनू की मौत, दो की हालत नाजुक
इस अंधाधुंध गोलीबारी में गोली लगने और गंभीर चोटें आने की वजह से अजब सिंह और सोनू नाम के दो व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, इस खूनी संघर्ष में रतन और अरविंद नाम के दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
आला अधिकारी मौके पर, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुए इस डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बुलंदशहर एसएसपी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद मेरठ ज़ोन के एडीजी भानु भास्कर और मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि माहौल को नियंत्रण में कर लिया गया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
