सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सकरन पुलिस और स्वात/एसओजी की संयुक्त टीम ने एक साहसिक मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के वांछित और इनामी शातिर अपराधी आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित और जवाबी कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में खौफ का माहौल है।
ओड़ा-झाड़ रसूलपुर रोड पर घेराबंदी, सरेंडर के बजाय पुलिस पर दागी गोली
जानकारी के मुताबिक, पकड़ा गया शातिर अभियुक्त आशिक थाना सकरन में दर्ज भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत एक गंभीर मामले में काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गुरुवार-शुक्रवार के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी की टीम ने ओड़ा-झाड़ रसूलपुर रोड के पास रणनीतिक घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश आशिक ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग झोंक दी और भागने का प्रयास करने लगा।
आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, खीरी का रहने वाला है आरोपी
बदमाश की तरफ से अचानक हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस टीम ने भी बेहद सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ और अपराधी को जिंदा पकड़ने के उद्देश्य से नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस जवाबी फायरिंग में एक गोली अभियुक्त आशिक के पैर में लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे हिरासत में ले लिया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से खीरी जनपद के खमरिया थाना क्षेत्र के जठरा गांव का निवासी है, जो वर्तमान में खीरी के ही रुदपुर में ठिकाना बदलकर रह रहा था और लंबे समय से सीतापुर पुलिस को छका रहा था।
बिना नंबर की स्प्लेंडर, 315 बोर का तमंचा और चोरी का कुंडल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जब घटना स्थल की सघन तलाशी ली, तो घायल बदमाश के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल की जा रही एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अलावा उसके पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और पीली धातु (सोने) का एक कान का कुंडल भी बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बरामद किया गया कुंडल उसने हाल ही में किस वारदात के दौरान लूटा था और इस पूरे गिरोह में उसके साथ कौन-कौन से अन्य अपराधी शामिल हैं।
voice of india
