अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में रात काटने के लिए होटल तलाश रही एक बेसहारा महिला को मदद का झांसा देकर ई-रिक्शा चालक ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। हालांकि, वारदात के बाद हरकत में आई अलीगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कम किराए में कमरा दिलाने का झांसा देकर होटल ले गया ई-रिक्शा चालक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात एक पीड़ित महिला बदहवास हालत में थाना बन्नादेवी पहुंची। महिला ने रोते हुए आपबीती सुनाई कि वह रात में ठहरने के लिए शहर में कोई सुरक्षित और सस्ता होटल तलाश रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसे एक ई-रिक्शा चालक मिला।
चालक ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसे बेहद कम किराए में एक अच्छा होटल दिलवाने का भरोसा दिया और अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। इसके बाद आरोपी चालक महिला को लेकर एक होटल पहुंचा और वहां कमरा दिलाने में उसकी मदद की।
कमरे में घुसते ही दिखाई हैवानियत, चीखती रही महिला
महिला का आरोप है कि जैसे ही वह कमरे के अंदर पहुंची, ई-रिक्शा चालक भी उसके पीछे अंदर घुस आया। आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और महिला के साथ जबरन अश्लील हरकतें व अभद्रता करने लगा। महिला के विरोध करने और शोर मचाने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ गंभीर आपराधिक घटना (दुष्कर्म) को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी महिला को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसएचओ बन्नादेवी राजीव कुमार और सिटी एसओजी प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान सुभान (निवासी नगला पटवारी, थाना क्वार्सी) के रूप में की।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर दागी गोली, जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर
आरोपी की लोकेशन ट्रेस होने के बाद जब पुलिस टीमों ने उसे दबोचने के लिए घेराबंदी की, तो शातिर सुभान ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ही अवैध तमंचे से फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली आरोपी सुभान के पैर में जा लगी और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। इस वारदात में शामिल सुभान का एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।
अस्पताल में भर्ती है आरोपी, फरार साथी की तलाश में जुटीं टीमें
घायल आरोपी सुभान को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीमों ने भी घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है और फरार सह-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
voice of india
