भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हुजूर क्षेत्र में भू-माफियाओं और अवैध रूप से कॉलोनियां काटने वालों के खिलाफ प्रशासन का कड़ा और बड़ा हंटर चला है। सोमवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ फतेहपुर डोबरा और महुआखेड़ा में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में करीब 7 एकड़ (लगभग 17 बीघा) की बेशकीमती सरकारी और निजी जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह से मटियामेट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के भीतर बनाई जा रही पक्की सड़कें, बाउंड्रीवॉल और आकर्षक प्रवेश द्वार (गेट) को जमींदोज कर दिया गया।
केरवा बांध के कैचमेंट एरिया में अवैध निर्माण, नोटिस के बाद बड़ी कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पहली बड़ी कार्रवाई फतेहपुर डोबरा गांव में की गई, जहां 0.405 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा था। यह जमीन राजस्व रिकॉर्ड में अरसलान खान के नाम दर्ज है। मामले का खुलासा करते हुए तहसीलदार अतुल शर्मा ने बताया कि यह पूरी प्लॉटिंग केरवा बांध के एफटीएल (फुल टैंक लेवल) यानी कैचमेंट एरिया के 33 मीटर के प्रतिबंधित दायरे में नियमों को ताक पर रखकर की जा रही थी। पर्यावरण और एनजीटी (NGT) के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने पहले जमीन मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब न मिलने और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को यहां बुलडोजर चलाकर अवैध साम्राज्य को ढहा दिया गया।
पाटीदार बंधुओं की 5 एकड़ की अवैध प्लॉटिंग पर भी चला पीला पंजा
इसी अभियान के तहत दूसरी बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक महुआखेड़ा इलाके में हुई। यहां मीत पाटीदार और खुशीलाल पाटीदार के नाम दर्ज करीब 5 एकड़ की प्राइम लोकेशन वाली जमीन पर बिना किसी अनुमति (टीएंडसीपी और रेरा अप्रूवल) के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। भू-माफिया यहां सीधे-साधे लोगों को सस्ते दामों का लालच देकर अवैध रूप से प्लॉट बेच रहे थे। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यहां बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया, बाउंड्रीवॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और बिजली के खंभों समेत अन्य अवैध निर्माणों को हटाकर जमीन को मुक्त कराया।
एक हफ्ते में 15 से ज्यादा कॉलोनियों पर एक्शन, आगे भी जारी रहेगा हंटर
इस बड़ी कार्रवाई के बाद हुजूर क्षेत्र के अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम विनोद सोनकिया ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि हुजूर क्षेत्र में पिछले महज एक सप्ताह के भीतर 15 से अधिक अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनियों को चिह्नित कर उन पर बुलडोजर चलाया जा चुका है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई को फंसाने से पहले संबंधित कॉलोनी के रेरा (RERA) रजिस्ट्रेशन और डायवर्जन के कागजात की जांच जरूर कर लें। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध निर्माण, बिना अनुमति प्लॉटिंग और सरकारी जमीनों पर कब्जे के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।
voice of india
