Tuesday , 25 August 2026

झांसी में महिला पर पिटबुल ने किया हमला, जबड़े में दबाया हाथ, पड़ोसी के यहां गई थी महिला

झांसी। खतरनाक कुत्ते आपकी जान भी ले सकते हैं। अपने पड़ोसी के यहां जा रहे हैं तो ध्यान रखें उनके यहां कोई खतरनाक कुत्ता तो नहीं है। झांसी में एक महिला पर पिटबुल कुत्ते ने न सिर्फ हमला कर दिया बल्कि उसका हाथ भी दबोच लिया। कुत्ते के हमले से महिला बुरी तरह से घायल हो गई।

प्रदेश में पिटबुल के हमले बढ़ रहे हैं। लखनऊ में तो पिटबुल के हमले से कुछ महीने पहले लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद इन्हें पालने का क्रेज कम नहीं हो रहा। दरअसल महिला अपनी पड़ोसन से मिलने के लिए गई थी। महिला अपनी पड़ोसन से उसके घर में बातचीत कर रही थी कि अचानक से पिटबुल आ गया और महिला पर हमला बोल दिया। पिटबुल ने महिला को बुरी तरह से जख्मी कर दिया।
पिटबुल कुत्ते ने महिला का जबड़े में इतनी मजबूती से दबोच रखा था कि उसने काफी देर तक हाथ नहीं छोड़ा। काफी मशक्कत के बाद महिला को पिटबुल से छुड़ाया गया तो उसने दोबारा से हमला बोल दिया। पिटबुल के हमले का पूरा वाक्या गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जो अब वायरल हो रहा है।

मामला सीपरी बाजार इलाके का है। चावला नर्सिंग होम के पीछे रहने वाली हेमलता गुरुवार की रात करीब 10 बजे अपनी पड़ोसन रेखा के घर गई थीं। उनके घर में पिटबुल प्रजाति का कुत्ता पला था। दोनों घर के बाहर बातचीत कर रही थीं, तभी रेखा का पिटबुल कुत्ता अचानक से बाहर आ गया और हेमलता पर टूट पड़ा। जब तक रेखा कुछ समझ पाती पिटबुल ने महिला का हाथ अपने जबड़े में दबोच लिया था। पिटबुल को उसकी मालकिन काफी छुड़ाने का प्रयास करती रही लेकिन कुत्ते ने महिला का हाथ नहीं छोड़ा। मां पर कुत्ते का हमला होते देखकर उसकी बेटी भी पहुंची, लेकिन वह भी पिटबुल को अपनी मां से छुड़ाने में नाकामयाब रही। कुत्ता महिला का हाथ छोड़ने को तैयार नहीं था। जैसे-तैसे छुड़ाने के बाद पिटबुल ने दोबारा हमला कर दिया। इस हमले में हेमलता गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका इलाज चल रहा है।

Check Also

छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत: iPhone नहीं, 20 साल पुराना कलह और 3 एकड़ जमीन बनी वजह; अलग-अलग श्मशान में हुआ अंतिम संस्कार

छत्रपति संभाजीनगर  : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चांदगुडे परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध …