एवियन-लेस-बैंस (फ्रांस): फ्रांस की खूबसूरत वादियों और एवियन-लेस-बैंस झील के तट पर आयोजित 52वें G-7 शिखर सम्मेलन से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति के आधिकारिक निमंत्रण पर इस उच्चस्तरीय वैश्विक महामंच में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। इस सम्मेलन के दौरान जब पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आमना-सामना हुआ, तो वहां मौजूद हर शख्स इस गर्मजोशी का गवाह बन गया। भारत इस समिट में 13वीं बार शिरकत कर रहा है, वहीं पीएम मोदी लगातार सातवीं बार देश का प्रतिनिधित्व कर वैश्विक मंच पर भारत की धक जमा रहे हैं।
जब पीएम मोदी को देखते ही सीट से खड़े हो गए डोनाल्ड ट्रंप
शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल पर जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक के लिए पहुंचे, वहां एक बेहद खास नजारा देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले से ही अपनी सीट पर बैठे हुए थे। लेकिन जैसे ही उनकी नजर पीएम मोदी पर पड़ी, वे तुरंत अपनी सीट से खड़े हो गए। दोनों वैश्विक नेताओं ने बेहद गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाया। इस दौरान ट्रंप ने मुस्कुराते हुए बड़े ही प्यार से पीएम मोदी के कंधे को थपथपाया। दोनों दिग्गजों की यह केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जो भारत और अमेरिका के बीच के गहरे दोस्ताना संबंधों और आपसी सम्मान की गवाही खुद दे रही है।

16 महीने बाद आमने-सामने आए दोनों दिग्गज, टिकीं दुनिया की नजरें
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच करीब 16 महीनों के लंबे अंतराल के बाद यह पहली आमने-सामने की मुलाकात है। इससे पहले दोनों नेताओं ने पिछले साल फरवरी में वाशिंगटन में मुलाकात की थी। सम्मेलन के आउटरीच सेशन से सामने आए वीडियो में दोनों नेताओं के चेहरे की मुस्कान और बातचीत का अंदाज बता रहा है कि कूटनीतिक व्यस्तताओं के बीच भी दोनों के रिश्ते कितने मजबूत हैं। यह मुलाकात इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि मौजूदा समय में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, टैरिफ और कई रणनीतिक मुद्दों पर लगातार गंभीर चर्चाएं चल रही हैं।
G-7 की पारंपरिक ग्रुप फोटो में दिखा भारत का दबदबा
फ्रांस की मेजबानी में 15 से 17 जून 2026 तक चल रहे इस G-7 शिखर सम्मेलन में दुनिया के तमाम बड़े मुद्दों पर मंथन हो रहा है। इस महामंच पर भारत को एक खास ‘पार्टनर देश’ के रूप में आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन के दौरान पारंपरिक ग्रुप फोटो (फैमिली फोटो) भी खिंचवाई गई, जिसमें पीएम मोदी विश्व के सबसे शक्तिशाली नेताओं के केंद्र में नजर आए। इस प्रतिष्ठित तस्वीर में पीएम मोदी के साथ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा जैसे दिग्गज नेता एक साथ खड़े दिखाई दिए, जो वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कद को बयां करता है।
voice of india
