Friday , 12 June 2026

Varanasi News: सारनाथ के बॉयज हॉस्टल में लहूलुहान मिली नर्सिंग छात्रा, प्राइवेट पार्ट से बह रहा था खून; बैग से मिलीं खौफनाक दवाएं

वाराणसी: उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के सारनाथ इलाके से एक ऐसी सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में चल रहे बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर नर्सिंग की एक छात्रा का शव बेहद खौफनाक और संदिग्ध हालत में मिला है। अस्पताल लाए जाने से पहले ही दम तोड़ चुकी छात्रा के प्राइवेट पार्ट से भारी मात्रा में खून बह रहा था और उसके कपड़े पूरी तरह खून से सने हुए थे। घटनास्थल पर छात्रा के बैग के साथ कुछ दवाएं भी बिखरी पड़ी थीं, जिसने मौत के पीछे की किसी बड़ी और काली साजिश की ओर इशारा किया है।

बैग से मिलीं गर्भपात की दवाएं, जौनपुर का दोस्त गिरफ्तार

शुरुआती पुलिस तफ्तीश में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। मृतका के बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में गर्भपात (Abortion) से जुड़ी दवाएं बरामद हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक मात्रा में या बिना डॉक्टरी सलाह के इन दवाओं का सेवन करने के बाद हुए हैवी ब्लीडिंग (अत्यधिक रक्तस्राव) के कारण छात्रा की तड़प-तड़प कर जान गई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के साथ पढ़ने वाले जौनपुर के एक युवक को हिरासत में ले लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।

सिपाही की बेटी थी मृतका, कॉलेज बंद होने के बाद भी निकली थी घर से

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से बलिया की रहने वाली थी और उसके पिता चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। वह अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थी और वाराणसी के ही शिव सर्जिकल नर्सिंग होम नर्सिंग कॉलेज में JNM द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इन दिनों नर्सिंग कॉलेज पूरी तरह बंद है। इसके बावजूद बुधवार की सुबह छात्रा ने अपनी मां से यह कहकर दो लोगों का लंच तैयार करवाया कि वह कॉलेज जा रही है। वह टिफिन लेकर घर से निकली लेकिन कॉलेज जाने के बजाय सारनाथ स्थित उस बॉयज हॉस्टल वाले अपार्टमेंट में पहुंच गई।

बंद कमरे में 2 घंटे तक क्या हुआ? इलेक्ट्रीशियन ने सबसे पहले देखा

अपार्टमेंट के गार्ड और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा सुबह करीब 9.30 बजे अपने दोस्त से मिलने बॉयज हॉस्टल के एक कमरे में गई थी। वह करीब दो घंटे तक कमरे के अंदर ही रही। सुबह करीब 11.30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण पूरे अपार्टमेंट की बिजली गुल हो गई। जब एक इलेक्ट्रीशियन फॉल्ट ठीक करके सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तो उसने छात्रा को सीढ़ी पर लहूलुहान और बेसुध हालत में पड़े देखा। उसे तुरंत पास के उसी शिव सर्जिकल नर्सिंग होम ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अछूता रह गया टिफिन, मां का रो-रोकर बुरा हाल

इस खौफनाक घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा की मां रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचीं और बेटी के शव से लिपटकर चीख-पुकार मचाने लगीं। पुलिस को मौके से जो टिफिन मिला है, वह पूरी तरह भरा हुआ था। यानी दो लोगों के लिए जो खाना वो बनवाकर ले गई थी, उसे चखा तक नहीं गया था। हॉस्टल के बंद कमरे के अंदर दो घंटे में ऐसा क्या हुआ कि खाना खाने की नौबत ही नहीं आई और छात्रा की जान पर बन आई, यह सवाल पूरी वाराणसी पुलिस के लिए एक बड़ी पहेली बन गया है।

डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी और CCTV की जांच शुरू

थाना प्रभारी सारनाथ, पंकज कुमार त्रिपाठी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के विशेष पैनल से कराया गया है और इस पूरी प्रक्रिया की बीडियोग्राफी भी सुरक्षित रख ली गई है। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मृतका का मोबाइल फोन गायब है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने के साथ-साथ अपार्टमेंट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असली गुनहगार तक पहुंचा जा सके।

Check Also

Meerut News: मेरठ में शर्मसार हुआ पिता का रिश्ता! मासूम बेटे को पिला रहा था सिगरेट, गंदी आदतों का वीडियो वायरल होने पर थाने पहुंची मां

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से पिता और पुत्र के पवित्र रिश्ते को कलंकित …