मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां नेशनल लेवल की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की किडनैपिंग के बाद बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। करीब डेढ़ महीने से लापता खिलाड़ी की खोज में जुटी पुलिस ने जब मुख्य आरोपी को दबोचा, तो उसकी निशानदेही पर रोहटा रोड स्थित एक नाले से मृतका का कंकालनुमा शव बरामद हुआ। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अनुष्का गत 15 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो पीड़ित पिता ने मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब डेढ़ महीने तक स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। जब पीड़ित परिवार ने थक-हारकर पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, तब जाकर महकमा रेस हुआ। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मुख्य आरोपी श्याम धानक को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और वारदात के बाद यूपी छोड़कर भाग गया था।
फास्ट फूड कॉर्नर पर ₹3600 के विवाद में रची खौफनाक साजिश
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी श्याम धानक ने जो कबूलनामा किया, उसने पुलिस अफसरों के भी होश उड़ा दिए। पूछताछ में पता चला कि आरोपी श्याम मेरठ के रोहटा रोड पर एक फास्ट फूड कॉर्नर चलाता था। नेशनल खिलाड़ी अनुष्का अक्सर अपनी सहेली के साथ उसकी दुकान पर चाउमीन और फास्ट फूड खाने जाया करती थी। इसी दौरान दुकान के करीब 3600 रुपये बकाया हो गए थे।
इन्हीं पैसों के तगादे को लेकर एक दिन अनुष्का और श्याम के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद के दौरान अनुष्का ने श्याम पर कोई मजाकिया टिप्पणी कर दी, जो आरोपी को नागवार गुजरी। श्याम ने इसे अपने स्वाभिमान पर चोट माना और उसी वक्त अनुष्का को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार कर लिया।
पहले जबरन शराब पिलाई, फिर ईंट से सिर कुचलकर नाले में फेंकी लाश
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि तंज से नाराज होकर उसने उसी रात अनुष्का को अगवा कर लिया। किडनैप करने के बाद वह उसे एक सूनसान जगह पर ले गया, जहां उसने खिलाड़ी को जबरन शराब पिलाई। जब अनुष्का बेसुध हो गई, तो आरोपी ने आव देखा न ताव, पास में पड़ी भारी ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसका सिर कुचल दिया।
अनुष्का की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य छुपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने मृतका की लाश को रोहटा रोड के पास एक गहरे नाले में फेंक दिया और खुद दुकान बंद कर चंडीगढ़ फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
voice of india
