Friday , 22 May 2026

जिसने किया था अपहरण उसी से शादी की जिद पर अड़ी ‘बसंती’: वाराणसी में जेल से छूटे प्रेमी के लिए पानी की टंकी पर हाईवोल्टेज ड्रामा

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से शोले फिल्म के वीरू जैसा एक हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। अंतर बस इतना है कि इस बार वीरू नहीं, बल्कि बसंती अपने प्यार को पाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गई। शिवपुर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरी आशिक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर इलाके की ऊंची पानी की टंकी पर जा बैठी। युवती को टंकी पर देख नीचे लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए।

परिजन कहीं और तय कर रहे थे शादी, बेटी अड़ गई जिद पर

जानकारी के मुताबिक, शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर इलाके में किराए के मकान में रहने वाली एक युवती का क्षेत्र के ही तरना निवासी कुणाल नामक युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और उन्होंने युवती की शादी कहीं और तय कर दी थी। जैसे ही युवती को इस बात की भनक लगी, वह भड़क गई। वह अपने घरवालों से बार-बार कुणाल से ही शादी कराने की मिन्नतें करती रही, लेकिन जब माता-पिता नहीं माने, तो उसने खौफनाक कदम उठाने की ठान ली। वह पास ही में स्थित कांशीराम आवास परिसर की पानी की टंकी पर जा चढ़ी और वहां से कूदने की धमकी देने लगी।

प्रेमी काट चुका है जेल, हफ्ते भर पहले ही आया है बाहर

इस पूरी प्रेम कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट यह भी है कि युवती का प्रेमी कुणाल कोई साधारण बैकग्राउंड से नहीं है, बल्कि वह इसी युवती के अपहरण के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। दरअसल, कुछ समय पहले कुणाल युवती को लेकर फरार हो गया था, जिसके बाद बेटी के मजदूर पिता की तहरीर पर पुलिस ने कुणाल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। अभी महज एक सप्ताह पहले ही कुणाल जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया है। प्रेमी के बाहर आते ही प्रेमिका ने उस पर शादी का दबाव बनाने के लिए यह आत्मघाती रास्ता चुन लिया।

पुलिस ने प्रेमी को भी मौके पर बुलाया, घंटो चला समझाने का दौर

टंकी पर चढ़ी युवती के हंगामे को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवपुर थाना पुलिस और चौकी प्रभारी प्रवीण सचान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवती के परिजन भी बदहवास हालत में वहां आ गए। पुलिस और परिजनों ने लाउडस्पीकर के जरिए युवती को समझाने की लाख कोशिशें कीं, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। उसकी बस एक ही रट थी—’शादी करूंगी तो सिर्फ कुणाल से।’

घंटों चले इस ड्रामे के बाद जब कोई रास्ता नहीं सूझा, तो पुलिस ने आनन-फानन में उसके प्रेमी कुणाल को भी मौके पर बुलवाया ताकि उसे देखकर युवती नीचे उतर आए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवती को सकुशल नीचे उतारने के लिए लगातार मान-मनौव्वल में जुटे हुए हैं, और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Check Also

लखनऊ में शर्मसार हुई इंसानियत: 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म मामले में तेजस हॉस्पिटल सील, आरोपी डॉक्टर का लाइसेंस सस्पेंड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (BKT) इलाके से एक बेहद …