लखनऊ। राजधानी में चढ़ते पारे के साथ ही अपराध का ग्राफ भी तेजी से ऊपर भाग रहा है। आलम यह है कि लखनऊ का दक्षिण जोन इन दिनों अपराधियों की सबसे पसंदीदा शरणस्थली बन चुका है। लूट, चोरी और हत्या जैसी वारदातें यहां रोज की बात हो गई हैं। जब से डीसीपी अमित कुमार आनंद ने इस जोन का कार्यभार संभाला है, तब से ताबड़तोड़ आपराधिक घटनाएं पुलिसिया इकबाल को चुनौती दे रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार की शाम एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। पीजीआई थाना क्षेत्र से तीन दिन पहले लापता हुई एक 22 वर्षीय युवती का शव सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के उतरेठिया रेलवे लाइन के पास जंगलों में खून से लथपथ हालत में मिला। युवती के चेहरे को ईंट से बुरी तरह कुचला गया था। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था।
सुबह नौकरी पर जाने की बात कहकर निकली थी शिवानी
मूल रूप से ई-158 रक्षा खंड, एल्डिको उद्यान-2 (पीजीआई) में किराए के मकान में रहने वाले दीपू सिंह शटरिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी घरों में झाड़ू-पोछा करती हैं। परिवार में उनकी दो बेटियां शिवानी और सुहानी थीं। बड़ी बेटी शिवानी सिंह (22 वर्ष) एक रियल एस्टेट ऑफिस में काम करती थी। 17 तारीख की सुबह शिवानी हमेशा की तरह अपने घर से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर जब उसका कहीं सुराग नहीं मिला तो थक-हारकर पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
ईंट से चेहरा किया विकृत, दुष्कर्म की आशंका से सनसनी
गुमशुदगी दर्ज होने के अगले ही दिन यानी सोमवार (18 तारीख) की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के उतरेठिया रेलवे लाइन के पास जंगल में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। वह शव किसी और का नहीं बल्कि लापता शिवानी का ही था। हत्यारे ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए शिवानी के चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ कई वार किए थे, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह विकृत हो चुका था। घटनास्थल पर चारों तरफ खून ही खून बिखरा हुआ था। शव की हालत को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोग दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
तीन महीने से नौकरी का बोलकर कहीं और जा रही थी मृतका!
इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, शिवानी भले ही घर से रोज प्राइवेट नौकरी पर जाने की बात कहकर निकलती थी, लेकिन वह पिछले तीन महीनों से अपने दफ्तर नहीं जा रही थी। आखिर वह रोज घर से निकलकर किसके पास और कहां जाती थी, यह पुलिस के लिए बड़ा सवाल बन गया है। इसके अलावा, अभी बीते 14 तारीख को ही परिजनों ने शिवानी की सगाई पड़ोस में ही रहने वाले प्रकाश नाम के युवक से की थी। सगाई के ठीक तीन दिन बाद यानी 17 तारीख को उसका अचानक लापता होना और फिर बेरहमी से कत्ल किया जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
सर्विलांस और डंप डेटा की मदद से कातिल की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और ऑनर किलिंग समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है। वारदात के समय के डंप डेटा को खंगालने के लिए सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। संदेह के आधार पर पुलिस मृतका के मंगेतर प्रकाश और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों से भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर हत्यारे को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
voice of india

