Friday , 29 May 2026

कटिहार में 60 के ‘दूल्हे’ ने रचाई रचाई जवान प्रेमिका से शादी, पंचायत भी रह गई दंग; प्यार की ऐसी कहानी पहले नहीं सुनी होगी

कटिहार। कहते हैं कि इश्क न तो उम्र देखता है और न ही जमाने की दीवारें। बिहार के कटिहार जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसने ‘प्यार अंधा होता है’ वाली बात को पूरी तरह चरितार्थ कर दिया है। यहां मनिहारी प्रखंड की बाघमारा पंचायत में एक 60 साल के बुजुर्ग ने अपनी उम्र के फासलों को दरकिनार करते हुए अपनी जवान प्रेमिका संग मंदिर में सात फेरे लिए। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देख हर कोई दंग है।

दो साल पहले शुरू हुई थी सुग्रीम और फुल्की की प्रेम कहानी

मिली जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग सुग्रीम पासवान और फुल्की देवी के बीच करीब दो साल पहले जान-पहचान हुई थी। देखते ही देखते यह मेल-मुलाकात गहरे प्यार में तब्दील हो गई। दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलने लगे, जिसकी भनक धीरे-धीरे पूरे गांव को लग गई। उम्र के इस पड़ाव पर बुजुर्ग का यूं प्रेम प्रसंग में पड़ना चर्चा का विषय बन गया और गांव की गलियों में दबी जुबान में होने वाली बातें आखिरकार पंचायत की चौखट तक जा पहुंचीं।

पंचायत ने समझाने की कोशिश की, पर नहीं माने प्रेमी

रिश्ते को लेकर गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए पंचायत बुलाई गई। ग्रामीणों और पंचायत के प्रबुद्ध सदस्यों ने सुग्रीम और फुल्की को समाज और लोक-लाज का हवाला देकर काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन, कहते हैं न कि जब दिल लगा ही लिया तो डर कैसा? प्रेमी जोड़ा अपने फैसले पर अडिग रहा। फुल्की देवी ने भरी पंचायत में साफ लहजे में कह दिया, “मैं सुग्रीम से प्यार करती हूं और अपनी मर्जी से उनके साथ जीवन बिताना चाहती हूं। मुझ पर कोई दबाव नहीं है।” सुग्रीम ने भी समाज के सामने अपने प्यार को कबूल करने में कोई हिचक नहीं दिखाई।

मंदिर में रचाई शादी, गांव वाले बने बाराती

दोनों की जिद और एक-दूसरे के प्रति अटूट प्रेम को देखते हुए पंचायत ने भी अपने हथियार डाल दिए। सामाजिक गरिमा बनाए रखने के लिए यह तय किया गया कि दोनों की शादी करा दी जाए। इसके बाद गांव के ही एक मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ विवाह की रस्में पूरी की गईं। 60 वर्षीय सुग्रीम ने जैसे ही फुल्की देवी की मांग में सिंदूर भरा, वहां मौजूद लोग खुशी से झूम उठे। इस अनोखी शादी के गवाह बने ग्रामीणों ने भी जोड़े को आशीर्वाद दिया। फिलहाल, यह शादी पूरे कटिहार जिले में सुर्खियां बटोर रही है।

Check Also

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स ने 47 रनों से रौंदकर क्वालिफायर-2 में मारी एंट्री

न्यू चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के नॉकआउट स्टेज का रोमांच अपने चरम पर …