Sunday , 10 May 2026

हवस और हैवानियत का तांडव : चचेरे भाई ने मासूम से की दरिंदगी, राज खुलने के डर से बांके से रेत दिया गला

बिसवां (सीतापुर)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बिसवां कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और खून के रिश्तों को तार-तार कर दिया है। यहां एक कलयुगी चचेरे भाई ने पहले अपने ही नाबालिग भाई के साथ कुकर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और फिर राज खुलने के डर से उसे बांके से काट डाला। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी के घर से ही मासूम का लहूलुहान शव बरामद किया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

दरिंदगी के बाद बांके से उतारा मौत के घाट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली बिसवां क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 22 वर्षीय मुदस्सिर पुत्र मोहम्मद कमर ने रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखते हुए अपने ही नाबालिग चचेरे भाई को हवस का शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि जब मासूम ने इस घिनौनी करतूत का विरोध किया और घर वालों को बताने की बात कही, तो आरोपी मुदस्सिर हैवान बन गया। उसने पहले दुपट्टे से बच्चे का गला घोंटा और फिर पास रखे धारदार हथियार (बांके) से प्रहार कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।

घर के अंदर छिपाया शव, फरार होने की फिराक में था कातिल

हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी ने मासूम के शव को अपने ही घर के भीतर छिपा दिया ताकि किसी को कानों-कान खबर न हो सके। जब बच्चा काफी देर तक नहीं मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और जब संदेह के आधार पर मुदस्सिर के घर की तलाशी ली गई, तो वहां का नजारा देख पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। घर के भीतर से मासूम का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्यारोपी मुदस्सिर गिरफ्तार

वारदात की गंभीरता को देखते हुए कस्बा इंचार्ज सुधाकर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून से सने कपड़े, हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर हत्यारोपी मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और हत्या की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Check Also

UP Cabinet Expansion: योगी सरकार का मास्टरस्ट्रोक! 8 नए मंत्रियों ने ली शपथ, 2027 के लिए BJP ने बिछा दी ‘सियासी बिसात’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में आज का दिन बेहद अहम रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ …