झांसी: उत्तर प्रदेश के प्रमुख सट्टेबाजी केंद्रों में शुमार हो रहे झांसी महानगर में सट्टेबाजों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपना पूरा ‘बिजनेस मॉडल’ ही बदल दिया है। अब ये नेटवर्क आलीशान हवेलियों के बजाय छोटे घरों और गुमनाम फ्लैटों से संचालित हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबीजीटीएस मूर्ति के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ‘रॉयल सिटी’ के एक छोटे से मकान में चल रहे हाई-प्रोफाइल ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो युवतियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब डेढ़ करोड़ का सोना, 11 लाख की चांदी और 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पाश कॉलोनी के छोटे फ्लैट में ‘ब्लैक बिजनेस’: युवतियों को बनाया ढाल
सट्टेबाजों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अब नवयुवतियों को अपने नेटवर्क का हिस्सा बनाया है। ये युवतियां न केवल इस काले कारोबार की देखरेख करती थीं, बल्कि महानगर के युवाओं को सट्टे के दलदल में धकेलने का काम भी कर रही थीं। मुखबिर की सूचना पर सीपरी बाजार, महिला थाना और स्वॉट टीम ने रॉयल सिटी कॉलोनी को चारों तरफ से घेरकर तीसरी मंजिल पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से निशा खान (निवासी शास्त्री नगर) और यशस्वी द्विवेदी (निवासी छनियापुरा) को दबोच लिया।
खाकी पर दाग: सिपाही रजत की संलिप्तता और बर्खास्तगी
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरे रैकेट के पीछे पुलिस महकमे का ही एक सिपाही रजत (निवासी हाथरस) शामिल था। गिरफ्तार निशा खान ने बताया कि यह फ्लैट सुमित साहू और आशीष उपाध्याय ने किराए पर लिया था, जिसे सिपाही रजत के साथ मिलकर चलाया जा रहा था। यशस्वी द्विवेदी सिपाही रजत की दोस्त बताई जा रही है। छापे की भनक लगते ही रजत मौके से फरार हो गया।
SSP ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सिपाही रजत को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। बताया गया है कि रजत पहले भी एक हादसे के मामले में जेल जा चुका है। निशा ने यह भी आरोप लगाया कि कई थानों के सिपाही यहां ‘सुविधा शुल्क’ लेने आते थे।
करोड़ों की बरामदगी: ट्रॉली बैग में मिला कुबेर का खजाना
जब पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली, तो वहां मेज पर रखे एक आसमानी रंग के ट्रॉली बैग ने अधिकारियों के होश उड़ा दिए। बैग नोटों की गड्डियों और सोने-चांदी के बिस्किटों से भरा था। पुलिस ने कुल 1.46 करोड़ रुपये का सोना, 11 लाख की चांदी, 19 लाख 32 हजार रुपये कैश, 12 मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। मौके से एक रजिस्टर भी मिला है जिसमें करोड़ों के लेनदेन और कई प्रभावशाली लोगों के नाम दर्ज हैं।
सफेदपोशों और सट्टेबाजों में हड़कंप
DGP उत्तर प्रदेश के निर्देशों के बाद SSP झांसी की इस बड़ी कार्रवाई से शहर के सट्टेबाजों में खौफ का माहौल है। पुलिस ने अब उन लोगों की सूची तैयार की है जिनके नाम बरामद रजिस्टर में मिले हैं। इस सफल ऑपरेशन में एसपी सिटी प्रीति सिंह, एएसपी अरीबा नोमान और सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे सहित स्वॉट टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
voice of india
