पश्चिम बंगाल की राजनीति में आए भूचाल के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस की जांच अब बंगाल की सीमाओं को लांघकर उत्तर प्रदेश तक जा पहुंची है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में ‘इंटरस्टेट कनेक्शन’ (अंतरराज्यीय संबंध) का संदेह गहरा गया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती थानों को हाई अलर्ट पर रखा है। सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों से यह साफ हो गया है कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि एक बेहद सोची-समझी और पेशेवर ‘हिट जॉब’ थी।
शार्प शूटरों का खूनी खेल: सिर्फ 50 सेकंड में वारदात को दिया अंजाम
जांच दल (SIT) उस वक्त हैरान रह गया जब सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि अपराधियों ने महज 50 सेकंड के भीतर पूरी वारदात को खत्म कर दिया। अत्याधुनिक स्वचालित हथियारों से चंद्रनाथ की कार पर 10 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस का मानना है कि हत्यारों में दो पेशेवर शार्प शूटर शामिल थे, जो विशेष रूप से इस काम के लिए बुलाए गए थे। इस हत्याकांड की साजिश को अंजाम देने के लिए 7 से 8 लोगों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जिसके जरिए पल-पल की लोकेशन और सूचनाएं साझा की जा रही थीं।
UP पहुंची पुलिस की स्पेशल टीम, सिलीगुड़ी से जुड़े तार
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए बंगाल पुलिस की एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश पहुंच चुकी है। जांच में पता चला है कि जिस कार का इस्तेमाल चंद्रनाथ की गाड़ी को रोकने के लिए किया गया था, उस पर लगा नंबर प्लेट सिलीगुड़ी निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर दर्ज है। जेम्स ने अपनी निसान माइक्रा कार बेचने के लिए विज्ञापन दिया था, जिसे खरीदने के लिए उत्तर प्रदेश के कुछ संदिग्ध लोगों ने संपर्क किया था। पुलिस अब उन खरीदारों की तलाश में यूपी में छापेमारी कर रही है।
लाल रंग की कार और बारासात से बरामद हुई दूसरी बाइक
पुलिस को जांच के दौरान मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके से भागती हुई एक लाल रंग की कार के बारे में सुराग मिला है। माना जा रहा है कि शूटर इसी कार में सवार होकर फरार हुए। वहीं, पुलिस ने उत्तर 24 परगना के बारासात से हत्याकांड में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक भी बरामद कर ली है। जांच अधिकारियों का अनुमान है कि कार में शूटर सवार थे, जबकि दो बाइक सवार अपराधी पीछे से रेकी करते हुए कार का पीछा कर रहे थे।
पॉइंट ब्लैंक रेंज से हमला और प्रोफेशनल प्लानिंग
बता दें कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे जब चंद्रनाथ रथ अपनी कार से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मार दी। इस भीषण हमले में चंद्रनाथ के ड्राइवर को भी गोली लगी है। जिस सटीकता और रफ्तार से इस हत्या को अंजाम दिया गया, वह किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क की ओर इशारा करता है। राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी अब व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन और वारदात के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है।
voice of india
