Wednesday , 28 October 2026

ईरान-अमेरिका के बीच छिड़ेगा महायुद्ध? IRGC की सीधी चेतावनी- ‘आक्रामक कदम उठाया तो समंदर में जला देंगे अमेरिकी जहाज’

तेहरान: पश्चिम एशिया में बारूद का ढेर कभी भी सुलग सकता है। ईरान के शक्तिशाली सैन्य बल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका को अब तक की सबसे कठोर और सीधी चेतावनी जारी की है। ईरान ने साफ कहा है कि यदि वॉशिंगटन ने कोई भी नया सैन्य दुस्साहस किया, तो इसका जवाब केवल सीमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिक संपत्तियों को राख में मिला दिया जाएगा। इस चेतावनी के बाद खाड़ी देशों और वैश्विक बाजार में हड़कंप मच गया है।

‘प्रतिरोध मोर्चा’ होगा सक्रिय: ईरान की मल्टी-फ्रंट वार की धमकी

IRGC नौसेना के एक वरिष्ठ राजनीतिक अधिकारी ने तेहरान में कहा कि अमेरिका को फिर से कोई भी आक्रामक कदम उठाने से पहले हजार बार सोचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान अपने व्यापक “प्रतिरोध मोर्चा” (Resistance Front) को सक्रिय करने के लिए पूरी तरह तैयार है। बता दें कि इस मोर्चे में पश्चिम एशिया के कई ईरान-समर्थक लड़ाकू समूह शामिल हैं। अधिकारी के अनुसार, “अगर वॉशिंगटन फिर से कोई आक्रामक कार्रवाई करता है, तो हम अपनी पूरी क्षेत्रीय क्षमताओं का इस्तेमाल करेंगे, जिससे कई मोर्चों पर एक साथ युद्ध छिड़ सकता है।”

‘विशाल जहाजों को समंदर में ही जला देंगे’

यह तनाव तब और गंभीर हो गया जब IRGC नौसेना के राजनीतिक उप-प्रमुख ने सीधे तौर पर अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाने की बात कही। उन्होंने दो टूक कहा, “अगर अमेरिका ने फिर से कोई गलत अंदाजा लगाया, तो हम समंदर में उसके विशाल जहाजों को जलाकर खाक कर देंगे।” ईरान ने यह भी संकेत दिया है कि उसके पास ऐसी “चौंकाने वाली नई क्षमताएं” और गुप्त हथियार हैं जिनका इस्तेमाल जवाबी कार्रवाई के दौरान किया जाएगा, जिससे अमेरिकी नौसेना को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ट्रंप का बड़ा दावा: ‘ढहने की कगार पर है ईरान’

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के हालिया प्रस्तावों को खारिज करते हुए तेहरान पर मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ा दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान इस वक्त “पूरी तरह ढहने की कगार पर” है और उसकी आंतरिक स्थिति बेहद खराब है। ट्रंप ने संकेत दिया कि वॉशिंगटन तब तक पीछे नहीं हटेगा जब तक परमाणु मुद्दे का स्थायी समाधान नहीं निकल जाता। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान खुद चाहता है कि दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक जलडमरूमध्य, होर्मुज (Strait of Hormuz) को जल्द से जल्द खोल दिया जाए, क्योंकि प्रतिबंधों के कारण उसकी अर्थव्यवस्था सांसें गिन रही है।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर टिकी दुनिया की नजरें

दुनिया के कुल तेल व्यापार का एक बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। ईरान की इस धमकी और ट्रंप के अड़ियल रुख ने वैश्विक तेल कीमतों में उछाल की आशंका पैदा कर दी है। यदि ईरान इस रास्ते को ब्लॉक करता है या अमेरिकी जहाजों पर हमला करता है, तो यह वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़े झटके जैसा होगा। फिलहाल, अमेरिकी नौसेना के बेड़े खाड़ी में हाई अलर्ट पर हैं।

Check Also

Neeraj Yadav Death: 3 बार के एशियन पैरा गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट नीरज यादव ने की आत्महत्या, खेल जगत में शोक की लहर

भारतीय खेल जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। एशियन पैरा गेम्स में तीन …