Saturday , 2 May 2026

रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: मां का सिर काट रातभर साथ छिपी रही बेटी, रोंगटे खड़े कर देगा ‘तंत्र-मंत्र’ का ये खौफनाक खेल

पश्चिमी कार्बी आंगलोंग: असम के शांत माने जाने वाले पश्चिमी कार्बी आंगलोंग जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जिले के डेरामुख लालुंग गांव में एक 19 साल की युवती ने न केवल अपनी मां की नृशंस हत्या की, बल्कि हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पूरी रात मां के कटे हुए सिर के साथ गुजार दी। पुलिस की प्राथमिक जांच जिस ओर इशारा कर रही है, उसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

खौफनाक रात: घर के भीतर ही बिछ गई लाश

जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवती की पहचान 19 वर्षीय पूजा मलंग के रूप में हुई है। बुधवार की रात करीब 10 बजे, जब पूरा गांव सोने की तैयारी कर रहा था, पूजा ने घर के भीतर अपनी 42 वर्षीय मां, अनुमाई मलंग पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने धारदार हथियार से अपनी मां का गला काटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस चीख-पुकार को सुनकर जब पूजा के पिता प्रेमेंद्र मलंग और उसकी बहन उसे रोकने आए, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज फिलहाल सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

कटे सिर के साथ रातभर लुका-छिपी का खेल

इस वारदात की सबसे भयावह कड़ी हत्या के बाद शुरू हुई। मां की हत्या करने के बाद पूजा अपनी मां का कटा हुआ सिर लेकर घर से भाग निकली। पुलिस और स्थानीय लोग रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह कहीं छिप गई। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि आरोपी युवती कथित तौर पर पूरी रात अपनी मां के कटे हुए सिर के साथ ही छिपी रही। गुरुवार की सुबह पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया और कटे हुए सिर को बरामद किया।

अंधविश्वास या मानसिक बीमारी? मौके से मिला तांत्रिक सामान

बैथालांगसो पुलिस जब जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अनुभवी अधिकारियों के भी पैर कांप गए। तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास से एक हंसिया, कैंची और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाला सिंदूर, तेल व मिट्टी का घड़ा बरामद हुआ है। इन चीजों की बरामदगी ने इस आशंका को प्रबल कर दिया है कि यह हत्याकांड ‘जादू-टोने’ या किसी ‘अंधविश्वास’ का नतीजा हो सकता है।

बिना किसी विवाद के खूनी खेल, पुलिस भी हैरान

पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती इस हत्याकांड के पीछे के सटीक कारण का पता लगाना है। सूत्रों के अनुसार, परिवार में किसी भी तरह के पुराने घरेलू झगड़े या विवाद की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अब दो मुख्य बिंदुओं पर जांच केंद्रित कर रही है: क्या पूजा किसी तांत्रिक क्रिया या बलि जैसी प्रथा में शामिल थी, या फिर वह किसी गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही थी? फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

Check Also

बंगाल में फिर मचेगा चुनावी घमासान: डायमंड हार्बर और मगरहाट के 15 बूथों पर री-पोलिंग शुरू, EVM खराब होने पर वोटरों का हंगामा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के बाद आज एक बार फिर सूबे …