मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां की एक युवती को दिल्ली स्थित उसकी ससुराल में न केवल शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई, बल्कि उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की और जब उसने इसकी शिकायत अपने पति से की, तो रक्षक बनने के बजाय पति ही भक्षक बन गया। पति ने उसे निर्वस्त्र कर गर्म प्रेस से जलाकर प्रताड़ित किया।
शादी के कुछ माह बाद ही शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2025 को दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुर उस पर बुरी नजर रखने लगा और उसे तंग करने लगा। 10 अक्टूबर 2025 की रात ससुर ने सारी मर्यादाएं लांघ दीं और पीड़िता के कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर जब पति वहां पहुंचा तो ससुर मौके से भाग निकला, लेकिन पति ने घर की बदनामी का डर दिखाकर मामले को दबा दिया।
विरोध करने पर पति ने दी तालिबानी सजा
घटना के कुछ दिन बाद पति-पत्नी वापस दिल्ली पहुंचे तो ससुर की हरकतें फिर शुरू हो गईं। जब पीड़िता ने इस बार कड़ा विरोध किया, तो पति का खौफनाक चेहरा सामने आया। आरोप है कि पति उसे कमरे में ले गया और हैवानियत की हदें पार करते हुए उसे निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद जलती हुई गर्म प्रेस से उसके शरीर को कई जगह से जला दिया। किसी तरह अपनी जान बचाकर मायके पहुंची पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद सोमवार को नागफनी थाने में मामला दर्ज कराया गया।
पति और ससुर समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज
इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए मुरादाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति, ससुर, सास, देवर, देवरानी और देवरानी के मौसेरे भाई समेत कुल छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली रवाना होने की तैयारी में है।
voice of india
