Wednesday , 16 September 2026

लखनऊ में खौफनाक मंजर: जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बोनट पर युवती को घसीटती रही कार, पहचान छिपाकर दोस्ती का आरोप; आरोपी हिरासत में

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवक ने विवाद के बाद युवती पर कार चढ़ा दी और उसे बोनट पर लटकाए हुए काफी दूर तक तेज रफ्तार में घसीटता रहा। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, कार चला रहा आरोपी युवक शाहनवाज और पीड़िता अनामिका पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।

चाय की दुकान पर अचानक हुआ आमना-सामना

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार सुबह अनामिका जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक चाय की दुकान पर पहुंची थी। इसी दौरान शाहनवाज भी अपनी कार से वहां पहुंचा, जिसके साथ एक अन्य युवती भी सवार थी। अनामिका ने जैसे ही शाहनवाज को देखा, उसने उसे रोक लिया। इसके बाद दोनों के बीच बीच सड़क पर ही तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जमा होने लगी।

पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद की जड़ पहचान छुपाने से जुड़ी है। पीड़िता का आरोप है कि शाहनवाज ने अपनी असल पहचान और नाम छिपाकर उसे प्रेम जाल में फंसाया था। जब युवती को युवक की कथित असली पहचान और सच्चाई का पता चला, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। बुधवार को जब उसने शाहनवाज को दूसरी युवती के साथ देखा, तो उसने सीधे तौर पर इस धोखे को लेकर जवाब-तलब करना शुरू कर दिया।

बोनट पर लटकी रही युवती, फिर भी दौड़ाता रहा कार

विवाद को तूल पकड़ता देख शाहनवाज ने मौके से भागने के लिए कार स्टार्ट की। जब अनामिका ने उसे रोकने का प्रयास किया और गाड़ी के आगे खड़ी हो गई, तो युवक ने रुकने के बजाय सीधे एक्सीलेटर दबा दिया। टक्कर लगते ही युवती उछलकर कार के बोनट पर जा गिरी। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती जान बचाने के लिए वाइपर पकड़कर बोनट पर लटकी हुई चीख-पुकार मचा रही है, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार धीमी नहीं की। कुछ दूरी तक घसीटने के बाद युवती असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और आरोपी कार भगा ले गया।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सड़क पर गिरने के कारण युवती को कई जगह चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत मेडिकल जांच और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घटनास्थल पर मौजूद दुकानदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Check Also

‘कोई तो अस्पताल ले चलो’… तड़पते रहे सपा नेता….कैफे से निकलते ही बदमाशों ने किया हमला; रेकी और मुखबिरी की आशंका

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया कस्बे में मंगलवार शाम बेखौफ बदमाशों ने समाजवादी …