Friday , 30 October 2026

उत्तराखंड: बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत 6 लोग सवार; रेस्क्यू में जुटी SDRF

जोशीमठ/देहरादून। बदरीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड लौट रहा एक निजी एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर चमोली जिले में जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। प्राथमिक सूचना के अनुसार, हेलीकॉप्टर में कैप्टन समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर आ गई हैं और तुरंत खोज एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

छई गांव स्थित सेना कैंप के पास आखिरी लोकेशन, ड्रोन से तलाश जारी

यूकाडा के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त चॉपर ‘ट्रांस भारत एविएशन’ का था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद इसका संपर्क टूट गया। रडार और तकनीकी निगरानी में हेलीकॉप्टर की अंतिम लोकेशन जोशीमठ क्षेत्र में छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के आसपास दर्ज की गई है।

जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने पुष्टि की है कि विमान में पांच यात्री और एक पायलट मौजूद हैं। हादसे के बाद से ही कैप्टन से वायरलेस या अन्य संचार माध्यमों से संपर्क साधने की लगातार कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई संपर्क नहीं हो सका है। पहाड़ी इलाके में घने कोहरे और खराब मौसम के चलते बचाव दल को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते सटीक स्थिति का आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की सूची

लापता हेलीकॉप्टर में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विभाग के अनुसार निम्नलिखित लोग सवार थे:

  • पायलट: कैप्टन हिमांशु

  • यात्री: प्रतापा (पुरुष), अरुण (पुरुष), शंकर गौड़ा (पुरुष), सुधीर के. (पुरुष), एच.एस. नटराज (पुरुष)

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख, दिए एयरलिफ्ट के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के समीप छई गांव के पास हेलीकॉप्टर हादसे की बेहद दुखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग तथा एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रशासनिक अमला पूरे घटनाक्रम पर पल-पल की नजर बनाए रखे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कोई यात्री गंभीर रूप से घायल मिलता है, तो उसे त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए तत्काल प्रभाव से हायर सेंटर एयरलिफ्ट कराया जाए। सीएम धामी ने सभी यात्रियों और पायलट की सकुशल वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

 

Check Also

जेल से बाहर आने की राह कितनी मुश्किल? आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों और सजाओं का पूरा हिसाब

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम खान …