Monday , 31 August 2026

मिशन पूर्वांचल: लखनऊ में जयंत चौधरी का चांदी के मुकुट से भव्य स्वागत, बोले- सिर्फ पश्चिम यूपी तक सीमित नहीं रहेगा रालोद, अवध में भी लहराएगा परचम

लखनऊ राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जयंत चौधरी के लखनऊ आगमन पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की मेजबानी रालोद नेता, शिक्षक प्रतिनिधि एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बी.के. शुक्ला ने की। राजधानी में जुटे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जन प्रतिनिधियों, शिक्षक समुदाय और भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर बी.के. शुक्ला ने जयंत चौधरी को चांदी का मुकुट, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका नागरिक अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ रालोद के संस्थापक व पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सत्र की शुरुआत की।

पश्चिमी यूपी से निकलकर अवध और पूर्वांचल में जड़ें मजबूत करेगी पार्टी: जयंत चौधरी

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि यह आयोजन संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। पार्टी की भावी रणनीति साझा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि रालोद का पारंपरिक और मजबूत जनाधार भले ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश रहा हो, लेकिन अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अपने संगठन का तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ न केवल प्रदेश की सत्ता का केंद्र है, बल्कि पूर्वांचल और अवध के सामाजिक-राजनीतिक विमर्श का भी प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां से संगठन को नई गति मिलेगी।

जनता की समस्याओं का समाधान ही रालोद की राजनीति का मूल मंत्र

जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल चुनावी या औपचारिक राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के हर तबके—विशेषकर किसानों, युवाओं और शिक्षकों के बीच लगातार सक्रिय रहें। जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान में अग्रणी भूमिका निभाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने शिक्षक नेता बी.के. शुक्ला का पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि अनुभवी बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के जुड़ने से रालोद को अवध क्षेत्र में नई ऊर्जा और वैचारिक मजबूती मिलेगी।

शिक्षक, किसान और युवाओं के मुद्दों को बनाएंगे प्राथमिकता: बी.के. शुक्ला

स्वागत भाषण में शिक्षक नेता बी.के. शुक्ला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे रालोद की मूल विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ और पूरे अवध क्षेत्र में संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने किसान, नौजवान और शिक्षक हितों को लेकर जमीनी स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पूरे सभागार में कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ नेतृत्व का उत्साहवर्धन किया।

मंच से वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा चुनावी जोश

अभिनंदन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने कैडर को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की बात कही। इसके साथ ही रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन विस्तार की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के समापन पर बी.के. शुक्ला ने सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिसके पश्चात सामूहिक स्नेहभोज का आयोजन हुआ।

 

Check Also

कौशांबी में भीषण विस्फोट: घर में बन रहे थे पटाखे, अचानक हुआ जोरदार धमाका; भरभराकर गिरा मकान, कई घायल

कौशांबी उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना …