Saturday , 12 September 2026

बांदा में ‘शोले’ जैसा हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमिका से शादी की जिद में केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ा सिरफिरा, नीचे उतरते ही पुलिस ने भेजा जेल

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर सीधे केन नदी के ऊंचे रेलवे पुल पर जा चढ़ा। फिल्म ‘शोले’ के ‘वीरू’ की तर्ज पर शुरू हुआ यह ड्रामा करीब दो घंटे तक चला। युवक लगातार धमकी देता रहा कि अगर उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया गया, तो वह नदी में कूदकर जान दे देगा। सांसें अटका देने वाले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलाकर युवक को सकुशल नीचे उतारा, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब पुलिस ने उसे राहत देने के बजाय सीधे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया।

शादी के लिए परिवार नहीं माना तो पुल पर चढ़ा युवक

जानकारी के मुताबिक, बांदा शहर के चमरौडी इलाके का रहने वाला विकास शर्मा शहर की ही एक युवती से प्रेम करता है। विकास उससे शादी करने की जिद पर अड़ा था, लेकिन दोनों के परिजनों की रजामंदी नहीं मिल पा रही थी। इसी बात से आहत होकर वह शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मटौंध थाना क्षेत्र स्थित केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ गया। पुल की ऊंचाई पर खड़े होकर उसने चिल्लाना शुरू कर दिया कि जब तक उसकी प्रेमिका आकर शादी का वादा नहीं करती, वह नीचे नहीं उतरेगा।

नीचे गोताखोर और ऊपर पुलिस, दो घंटे तक अटकी रही सांसें

रेलवे पुल पर युवक के चढ़ने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने फौरन एक्शन लिया। भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी और कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस ने फौरन केन नदी में गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की नाव तैनात कर दी। पुलिसकर्मी लगातार युवक से लाउडस्पीकर और बातचीत के जरिए नीचे आने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।

प्रेमिका के सामने आते ही उतरा, फिर खुला पुराना कच्चा-चिट्ठा

जब युवक किसी भी तरह मानने को तैयार नहीं हुआ, तो पुलिस ने हालात को संभालने के लिए युवती को परिजनों के साथ पुल के पास बुलाया। जैसे ही प्रेमिका सामने आई, विकास का गुस्सा शांत हुआ और वह नीचे उतरने को राजी हो गया। पुलिस ने सूझबूझ से करीब दो घंटे चले इस ड्रामे का सुरक्षित अंत कराया।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निकला युवक, पहले से था वांछित

पुल से सुरक्षित नीचे उतरने के बाद युवक को जब थाने लाया गया, तब मामले की असल हकीकत सामने आई। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवराज ने बताया कि रेलवे पुल पर चढ़ने वाला युवक विकास सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो क्रिएटर का काम करता है। वह कोई आम युवक नहीं, बल्कि कोतवाली नगर थाने में दर्ज एक पुराने मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके साथ काम करने वाले एक सहयोगी कर्मी ने ही उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया था, जिसमें पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पुलिस ने उसे उसी पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर सीधे जेल भेज दिया।

Check Also

कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना: बर्थडे से ठीक पहले 21 साल की युवती ने लगाई फांसी, पिता से पूछा था- ‘पापा, लाडली को क्या गिफ्ट दोगे?’

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल …