![]()
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के अछनेरा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को तार-तार कर देने वाला रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव कुकथला में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी की नृशंस हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए घर के पीछे बने टिनशेड में शव को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, कत्ल का सुराग मिटाने के लिए आरोपी ने रात के अंधेरे में अस्थियों को ले जाकर यमुना नदी में विसर्जित कर दिया और खुद थाने पहुंचकर पत्नी के लापता होने का नाटक रचते हुए गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी। हालांकि मायके पक्ष की सतर्कता और पुलिस की पैनी नजरों के चलते यह खौफनाक साजिश बेनकाब हो गई।
2022 में हुई थी शादी, दो साल की मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुकथला निवासी लोकेंद्र की शादी वर्ष 2022 में सिकंदरा थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरा निवासी चांदनी के साथ हुई थी। दोनों की दो वर्ष की एक मासूम बेटी भी है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही लोकेंद्र चांदनी को प्रताड़ित करता था और आए दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। मंगलवार शाम को संदिग्ध हालात में चांदनी के गायब होने के बाद शातिर आरोपी लोकेंद्र ने खुद पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की सूचना दे दी।
मायके पक्ष ने जताया अनहोनी का अंदेशा, पुलिस की जांच में गहराया शक चांदनी का कोई अता-पता न चलने पर उसके भाई मनोज निवासी अकबरा ने भी अछनेरा थाने पहुंचकर बहन के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई और अनहोनी की आशंका जताते हुए तलाश की गुहार लगाई। मायके वालों के कड़े रुख और लगातार दबाव के बाद पुलिस टीम बुधवार को ग्राम कुकथला स्थित लोकेंद्र के घर पहुंची। घर के अंदर और आसपास के हालात बेहद संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया। टिनशेड और आंगन की गहन जांच के दौरान मिले संदेहास्पद सबूतों के आधार पर पुलिस का शक सीधे पति लोकेंद्र पर गहरा गया।
टिनशेड में जलाया शव, यमुना में विसर्जित कर दीं अस्थियां कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी लोकेंद्र टूट गया और उसने जो सच उगला, उसे सुनकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुबूल किया कि उसने मंगलवार शाम चांदनी की हत्या कर दी थी। इसके बाद वारदात को पूरी तरह छिपाने के मकसद से शव को घर के पीछे बने टिनशेड के नीचे रखकर जला दिया। जब शव पूरी तरह जल गया, तो उसने बची हुई राख और अस्थियों को इकट्ठा किया और आगरा ले जाकर यमुना नदी के तेज बहाव में विसर्जित कर दिया, ताकि किसी को कत्ल का कोई नामोनिशान न मिले।
आरोपी पति गिरफ्तार, हत्याकांड की असल वजह तलाशने में जुटी पुलिस मृतका के भाई मनोज की तहरीर पर अछनेरा थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पति लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि हत्या की मुख्य वजह क्या थी और क्या इस वीभत्स हत्याकांड और साक्ष्य मिटाने में परिवार के किसी अन्य सदस्य या बाहरी व्यक्ति ने उसकी मदद की थी। फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
voice of india