Friday , 1 May 2026

​सीतापुर में बड़ा हादसा : गहरे पानी में डूबने से 3 बच्चों की मौत, पूरे गाँव में पसरा मातम

सीतापुर। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते समय सड़क किनारे गहरे पानी में डूबकर तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक किशोरी को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे गाँव में कोहराम मच गया।

​हादसा उस समय हुआ जब गाँव पसुरा बेलवा निवासी शाबा पुत्री जहीर खान (13 वर्ष), पवन पुत्र पप्पू (12 वर्ष), विकास पुत्र श्यामू (12 वर्ष) और मोहिनी पुत्री संतोष (14 वर्ष) गाँव के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते अचानक शाबा सड़क किनारे भरे गहरे पानी में जा गिरी। उसे डूबता देख पवन ने बचाने का प्रयास किया, और वह भी पानी में चला गया। इसके बाद विकास और मोहिनी भी उन्हें बचाने के लिए कूद गए।

​कुछ ही देर में चारों बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मोहिनी को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन शाबा, पवन और विकास को नहीं बचाया जा सका।

​ग्रामीणों ने आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गाँव में मातम पसरा हुआ है।
​स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर गाँव में जलभराव और सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर कर दिया है।

Check Also

शादी में ‘कानफोड़ू’ डीजे बना काल, तेज धमक से 140 मुर्गियों को आया हार्ट अटैक; पुलिस ने दर्ज किया केस

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक ऐसी अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली …