Wednesday , 15 July 2026

लाल किला परिसर से सोने का हीरा जड़ित कलश चोरी करने वाले की हुई पहचान…सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

-लोकसभा अध्यक्ष बिरला भी कार्यक्रम में थे मौजूद

नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है। एक जैन धार्मिक आयोजन के दौरान लगभग एक करोड़ रुपये की कीमत का कलश चोरी हो गया। यह कलश 760 ग्राम सोने से बना था और इसमें करीब 150 ग्राम हीरे व पन्ना जड़े हुए थे।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए इस कलश को लाल किला परिसर में लाते थे। बुधवार को जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद थे, तभी स्वागत की अफरातफरी के बीच मंच से कलश गायब हो गया। कलश चोरी मामले में दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध की गतिविधियां दर्ज हुई हैं। संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है। कार्यक्रम के आयोजक पुनीत जैन ने बताया कि पूजा के बाद सुधीर जैन का बैग, जिसमें कलश और अन्य धार्मिक सामग्री रखी थी, गायब पाया गया।

पहले भी मंदिरों को बनाया निशाना
पुनीत जैन ने दावा किया कि संदिग्ध पहले भी तीन मंदिरों को टारगेट कर चुका है, जिनमें जैन लाल मंदिर भी शामिल है। जैन समुदाय का यह धार्मिक आयोजन 15 अगस्त से लाल किला परिसर में चल रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर लाल किले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इससे पहले स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा अभ्यास के दौरान नकली बम का पता लगाने में नाकामी पर दिल्ली पुलिस के सात कर्मियों को निलंबित किया गया था।

Check Also

NEET UG 2026: नीट रिजल्ट से पहले मेडिकल छात्रों को बड़ा तोहफा, MBBS की सीटों में बंपर बढ़ोतरी; जानें कब आएगा परिणाम

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 …