Saturday , 24 October 2026

बाराबंकी: एनकाउंटर में धर दबोचा गया गैंगस्टर अफजल….पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार

स्वाट/सर्विलांस व सतरिख पुलिस की संयुक्त कार्रवाई — अवैध तमंचा और चोरी का मोबाइल बरामद

बाराबंकी। थाना सतरिख क्षेत्र में बुधवार की रात स्वाट/सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर अपराधी अफजल पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम ढिंढौरा मजरे सलारपुर थाना देवा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से अभियुक्त अफजल के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, टीम चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त अफजल दुल्हीपुर साइफन, चौपुला के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की, तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में अभियुक्त घायल होकर गिर पड़ा।

मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद मोबाइल की पहचान थाना मसौली क्षेत्र के नयागांव में 9 अगस्त 2025 की रात हुई चोरी की वारदात से संबंधित रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अफजल पर चोरी, अवैध शस्त्र बरामदगी, हत्या के प्रयास व अन्य गंभीर धाराओं में कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से लगभग एक दर्जन में वह वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

Check Also

UP Special TET 2026: यूपी स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा की तारीख घोषित, एग्जाम सिटी स्लिप जारी; जानें कब आएगा एडमिट कार्ड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET 2026) की तैयारी कर रहे …