Tuesday , 25 August 2026

नशे में रिश्तों का कत्ल ! बेटे ने की मां और पत्नी की हत्या, फिर सिर से निकले मांस के चीथड़ों को…

हाटा ,कुशीनगर। नशे का विरोध करने से नाराज वहशी बेटे ने भारी वस्तु, मच्छरदानी के लिए बने सरिया लगे पिलर से सिर कूच कर वृद्ध मां की हत्या कर दी। चीख सुनकर पहुंची पत्नी का भी सिर कूचकर मार डाला। मां व पत्नी की हत्या कर आरोपित दरवाजे पर बैठा रहा। गांव के लोगों की सूचना पर पहुंची अहिरौली पुलिस ने उसे पकड़ा। मौके से खून से सना भारी वस्तु बरामद हुआ है। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के परसा गांव के निवासी 30 वर्षीय सिंकदर गुप्ता नशे का आदी है। बताया जा रहा कि रविवार की देर शाम को वह नशे की हालत में घर लौटा तो मां रूना देवी ने डाटा फटकारा। इससे वह नाराज हो गया। मां व 28 वर्ष की पत्नी प्रियंका से कहासुनी की। रात में बिना खाए ही सो गया।

सोमवार सुबह सिकंदर गुमसुम अपने कमरे में ही बैठा रहा। प्रियंका रोज की भांति घर का कामकाज कर रसोई घर में भोजन बनाने चलीं गईं। जबकि रूना छत पर बैठ कर धूप ले रहीं थीं। करीब आठ बजे सिकंदर छत पर गया। वहां रखे भारी वस्तु, मच्छरदानी के लिए बना सरिया लगा पीलर, लेकर उसने मां के सिर पर प्रहार कर दिया। अचेत हो वह मौके पर ही गिर पड़ीं। गिरने के बाद वह सिर को तब तक कूचता रहा जब तक मृत्यु नहीं हो गई। इधर चीख सुनकर पहुंचीं प्रियंका छत का दृश्य देख अवाक रह गईं। भाग कर नीचे आना चाहीं तब तक वहशी ने उनके सिर पर भी भारी वस्तु से प्रहार कर दिया। सिर पर चोट लगते ही वह भी गिर पड़ीं। सिर कूचकर उसने उनकी भी हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिर से निकले मांस के चीथड़ों को वह आसपास के घरों के दरवाजे पर फेंकने लगा। यह देख आसपास के लोग घबरा उठे। लोगों ने प्रधान को जानकारी दी।

प्रधान ने 112 नंबर व थानाध्यक्ष प्रविंद्र राय को सूचना दी सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे और दरवाजे पर बैठे आरोपित को पकड़ उच्चाधिकारियों को बताया।कुछ ही समय में सीओ कसया कुंदन कुमार सिंह, कप्तानगंज व कोतवाली हाटा के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम बुलाई गई। टीम ने खून से सने भारी वस्तु को कब्जे में ले लिया। फारेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए।सीओ ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपित को लेकर परिवार में तीन ही सदस्य थे। दो की हत्या हो गई। आरोपित पुलिस की गिरफ्त में है। आरोपित चार बहन व एक भाई है। बहनें बड़ी हैं और अपने ससुराल में हैं।

छह वर्ष पहले बीमारी से हुई थी पिता की मौत
हाटा। गांव के लोगों ने बताया कि सिकंदर के पिता बनवारी की छह वर्ष पूर्व बीमारी से मृत्यु हो गई। पिता की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी सिकंदर पर आ गई। उसके नाम से पांच कट्ठा भूमि है। परिवार चलाने के लिए वह मेहनत मजदूरी करता था। इधर कुछ वर्षों से उसकी लत और भी बिगड़ गई। बिना नशे के वह नहीं रहता था। इसे लेकर आए दिन पत्नी व मां से विवाद होता रहता था। रिश्तेदारों की पहल पर सिकंदर की शादी मां रूना ने पांच वर्ष पूर्व देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र की प्रियंका से कर दी। दोनों की कोई संतान नहीं है।

Check Also

छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत: iPhone नहीं, 20 साल पुराना कलह और 3 एकड़ जमीन बनी वजह; अलग-अलग श्मशान में हुआ अंतिम संस्कार

छत्रपति संभाजीनगर  : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चांदगुडे परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध …