
– गोली की नहीं सुनी आवाज, बच्ची रोई तो पहुंचे परिजन
फतेहपुर । रविवार को दोहरे हत्याकांड से फतेहपुर जनपद थर्रा गया। जहां एक घर में पति पत्नी के खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया हालांकि पुलिस ने प्रथमदृष्टया इसे घरेलू विवाद में पति द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद स्वयं के गोली मारने का अंदेशा जताया है।

बता दें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में पति ने पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को भी तमंचे से उड़ा लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश निषाद, उम्र 36 वर्ष, और उसकी पत्नी गुड़िया, उम्र 27 वर्ष, के रूप में हुई है। दोनों की लव मैरिज साल 2019 में हुई थी। दंपत्ति की तीन नन्ही बेटियां प्रियांशी, दिव्यांशी और सिर्फ आठ महीने की जियांशी हैं जो अब अनाथ हो गई हैं। बताते हैं घटना भोर पहर हुई, सुबह छोटी बच्ची जियांशी रो रही थी। उसी की रोने की आवाज सुनकर मृतक मुकेश के पिता माता पहुंचे, जब दरवाजा खोला गया, तो पति-पत्नी दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। जिनके बगल में एक तमंचा व कारतूस भी पड़े थे।
परिजनों के मुताबिक मुकेश कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। वह करीब एक माह पहले दिल्ली से गांव लौटा था। उसके दो भाई अब भी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। तमंचा और कारतूस के खोखे बरामद कर लिए गए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। तीनों बेटियों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। वहीं घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं हैं घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मृतक मुकेश के माता पिता सो रहे थे, उनके अनुसार उन्होंने गोली की आवाज नहीं सुनी बल्कि छोटी बच्ची के रोने की आवाज सुन ली। हालांकि पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से भी जांच पड़ताल की लेकिन प्रथमदृष्टया यही सामने आया कि मुकेश ने ही पत्नी गुड़िया को गोली मारकर स्वयं अपने गोली मार ली। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर जांच पड़ताल में जुटी है।
voice of india