
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में रविवार को वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया. वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 460 को पार कर गया. यह सर्दी में शहर का सबसे प्रदूषित दिन रहा, वहीं रिकॉर्ड में दिसंबर का दूसरा सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाला दिन रहा. प्रदूषण के इस हालात पर भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने भी चिंता जताई है.
प्रदूषण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने सलाह दी है कि यदि सुविधाजनक हो, तो बार के सदस्य और स्वयं उपस्थित पक्षकार कोर्ट के सामने सूचीबद्ध अपने मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाइब्रिड मोड में उपस्थित हों.
रोहिणी में भी दिन के दौरान एक्यूआई का स्तर 500 तक पहुंच गया, जबकि अशोक विहार, जहांगीरपुरी और मुंडका में एक्यूआई का स्तर 499 दर्ज किया गया. राजधानी में घना कोहरा छा गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) एक दिन पहले के 432 से बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. ऐसा अप्रैल 2015 में एक्यूआई निगरानी प्रणाली शुरू होने के बाद हुआ है.
महीने में प्रदूषण का उच्च स्तर केवल 21 दिसंबर 2017 को दर्ज किया गया था, जब औसत एक्यूआई 469 तक पहुंच गया था. हालांकि सोमवार दोपहर के बाद हवा की गति बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन पूर्वानुमानों से पता चलता है कि वायु गुणवत्ता में कोई भी सुधार धीरे-धीरे होगा. सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रदूषित हवा के लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरों की चेतावनी दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञ शीला यादव ने कहा कि एक्यूआई का स्तर 300 और 400 के बीच रहने तथा कभी-कभी 450 के पार पहुंचने के कारण लोगों को खासकर सुबह के समय बाहर टहलने या व्यायाम करने से बचना चाहिए.
उन्होंने कहा कि शारीरिक गतिविधि को बंद नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन इसे घर के अंदर ही करना चाहिए, क्योंकि प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से पीएम2.5 जैसे महीन कण फेफड़ों में गहराई तक प्रवेश कर सकते हैं. यादव ने लोगों को सलाह दी कि वे केवल आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें.
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
voice of india