Monday , 9 February 2026

एक्शन : विपरीत दिशा से वाहन चलाने वालों पर नोएडा पुलिस ने कसी लगाम, सिर्फ इतने  माह में एक लाख 48 हजार का हुआ चालान

गौतम बुद्ध नगर । उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर नोएडा में विपरीत दिशा से वाहन चलाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई जारी है। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर नोएडा ट्रैफिक पुलिस जनवरी से अगस्त 2025 तक बड़ी कार्रवाई की है। आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से 31 अगस्त 2025 तक अलग-अलग यातायात नियम तोड़ने वाले वाहनों पर लाखों चालान काटे गए और करोड़ों रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने जारी एक प्रेस नोट के तहत बताया कि 1 जनवरी से 31 अगस्त तक नोएडा में विपरीत दिशा में वाहन चलाने वाले 1,48,021 वाहन चालको के चालान काटे गए हैं। इनसे 29 करोड़ 60 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। ओवर स्पीडिंग के 45,448 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 11 करोड़ 36 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले 127 चालकों पर 12 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे वाहन जिन पर पांच या पांच से अधिक चालान लंबित हैं और वाहन स्वामियों द्वारा जुर्माना जमा नहीं किया गया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2,99,761 वाहनों के रजिस्ट्रेशन निलंबन की संस्तुति एआरटीओ को भेजी गई है। इनमें नो पार्किंग, प्रदूषण, बिना बीमा वाहन संचालन, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रेड लाइट जंप, काली फिल्म, ड्रिंक एंड ड्राइव सहित अन्य गंभीर उल्लंघन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क पर खतरनाक तरीके से नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहन चलाने वाले चालकों पर लगाम कसते हुए अब तक 4829 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की अनुशंसा भी की गई है। इसके लिए संबंधित विवरण एआरटीओ गौतमबुद्धनगर को भेजा गया है। यातायात पुलिस का कहना है कि हर नागरिक का यह दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पालन करे। नियमों का पालन न केवल चालक की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि अन्य राहगीरों की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाता है।

Check Also

Etava

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, मौके से फरार

इटावा । उत्तरप्रदेश के इटावा जनपद में थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक की …