Sunday , 19 April 2026

निर्माणाधीन पानी टंकी की कोठरी में गार्ड का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बिल्हौर,कानपुर नगर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के मुश्ता गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन पानी टंकी परिसर में तैनात गार्ड का शव ट्यूबवेल की कोठरी में फांसी पर लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान मुश्ता गांव निवासी अभिषेक कटियार पुत्र राम सिंह कटियार के रूप में हुई है। अभिषेक खेती-बाड़ी के साथ ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत जल निगम द्वारा निर्माणाधीन पानी टंकी पर गार्ड की नौकरी करता था। उसके परिवार में पत्नी और पांच वर्षीय मासूम बच्चा है।ग्राम प्रधान मुन्ना ने बताया कि गांव में जल निगम द्वारा पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन कुछ समय से काम बंद है।

ऐसे में अभिषेक को टंकी की देखरेख के लिए गार्ड के रूप में तैनात किया गया था। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह रविवार रात भोजन करने के बाद ड्यूटी पर गया था।सुबह ग्रामीणों ने पानी टंकी के पास स्थित ट्यूबवेल की कोठरी में खिड़की से अंगौछे के सहारे अभिषेक का शव फांसी पर लटका देखा। कमरे का दरवाजा खुला था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अभिषेक की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी वरुण शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संदिग्ध हालात को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को फांसी से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

Check Also

नोएडा हिंसा मामले में यूपी STF का बड़ा एक्शन : 1 लाख का इनामी मास्टरमाइंड आदित्य आनंद तमिलनाडु से गिरफ्तार, हुलिया बदलकर काट रहा था फरारी

नोएडा/लखनऊ। नोएडा में पिछले दिनों हुए मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन और औद्योगिक अशांति के मामले …