
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते 10-12 दिनों से उमस और शुष्क मौसम की मार झेल रहे लोगों को अब जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। मानसूनी सिस्टम एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार से लखनऊ समेत सूबे के तमाम जिलों में मानसूनी गतिविधियां तेज हो जाएंगी। 25 से 28 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों के साथ-साथ पश्चिमी यूपी में भी गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने के मजबूत आसार बन रहे हैं। इस दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
30 से 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, वज्रपात की चेतावनी मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश के दौरान सूबे में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी, जबकि कई स्थानों पर हवा का वेग 50 किमी प्रतिघंटा या उससे भी अधिक पहुंच सकता है। विभाग ने इस दौरान राज्य के 36 जिलों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी की है और लोगों को खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी है।
इन जिलों में दिखेगा सर्वाधिक असर, भारी बारिश का अलर्ट वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार से अगले चार से पांच दिनों तक बादलों की आवाजाही के बीच मध्यम से तेज बारिश का सिलसिला बना रहेगा। आमतौर पर सितंबर के आखिरी हफ्ते में बारिश की तीव्रता कम हो जाती है, लेकिन इस बार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते व्यापक बरसात देखने को मिलेगी। बारिश का सबसे अधिक प्रभाव पूर्वी और दक्षिणी यूपी के जनपदों में रहेगा। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और अमेठी समेत आसपास के कई इलाकों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है।
कब होगी मानसून की विदाई? मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 सितंबर तक पूरे प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा का क्रम लगातार जारी रहेगा। इसके बाद 29 सितंबर से मौसमी गतिविधियों में कुछ बदलाव आएगा, हालांकि छिटपुट और रुक-रुककर होने वाली बारिश का यह दौर 3 अक्टूबर तक बना रह सकता है। 4 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश से मानसून की पूरी तरह से विदाई होने की संभावना है, जिसके बाद मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा।
बुधवार को खिली धूप, लखनऊ में दर्ज हुआ 34.3 डिग्री तापमान इससे पहले बुधवार को राजधानी लखनऊ में दिनभर धूप खिली रही, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। शहर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, प्रदेश के करीब 45 जिलों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा नीचे बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में आसमान में घने बादल छाएंगे और तेज बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
voice of india