Saturday , 2 May 2026

मौसम का तांडव: आंधी-बारिश और आसमानी बिजली ने ली 32 जानें, कहीं गिरे ओले तो कहीं टूटा ग्लेशियर; जानें अगले 48 घंटे का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 48 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक समेत कई राज्यों में आई भीषण आंधी, मूसलाधार बारिश और आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में कुदरत का खौफनाक मंजर देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस बारिश से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

यूपी-बिहार में ‘आसमानी आफत’: 22 लोगों ने गंवाई जान

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से जारी आंधी-तूफान ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ गिरने और बिजली कड़कने की घटनाओं में 17 लोगों की जान चली गई है। वहीं, पड़ोसी राज्य बिहार में भी कुदरत का कहर देखने को मिला, जहां 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इन राज्यों के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

बेंगलुरु में बारिश का कहर: मरने वालों की संख्या 10 हुई

दक्षिण भारत के कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही के निशान छोड़ दिए हैं। शहर में अलग-अलग हादसों और जलभराव के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश बाधा बन रही है।

हिमाचल में टूटा ग्लेशियर, राजस्थान-महाराष्ट्र में ‘आग’ उगल रहा सूरज

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बड़ा हादसा टल गया। चुराह में सड़क से बर्फ हटाने के दौरान अचानक पहाड़ से ग्लेशियर टूटकर नीचे आ गिरा। गनीमत यह रही कि वहां तैनात कर्मचारियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। एक ओर जहां आधे भारत में बारिश है, वहीं राजस्थान और महाराष्ट्र भीषण गर्मी की चपेट में हैं। महाराष्ट्र का चंद्रपुर 44.6 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारा 44 डिग्री के पार बना हुआ है।

अगले 48 घंटे का अलर्ट: शनिवार और रविवार को कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 2 मई (शनिवार) को राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में लू (Heatwave) चलने की आशंका है। साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड में आंधी-बारिश का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

कल यानी 3 मई (रविवार) को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का सितम जारी रहेगा, जबकि केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

Check Also

सरकारी नौकरी की बहार: 10वीं पास के लिए हॉस्पिटल असिस्टेंट के 1200 पदों पर भर्ती, ₹49000 तक मिलेगी सैलरी….जानें किस कैटेगरी में कितने पद

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के …