Saturday , 18 April 2026

यूपीपीसीएल ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को दी बड़ी राहत, अब निगेटिव बैलेंस पर भी मिलेगी बिजली

लखनऊ। स्मार्ट प्री-पेड मीटर की अनिवार्यता और आरडीएसएस  योजना के बाद सूबे के बिजली उपभोक्ताओं की ओर से तमाम तरह की समस्याएं गिनाई जा रही थी। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन की ओर से एक बार फिर उपभोक्ताओं की समस्यायों को देखते हुए एक नया प्रयोग किया गया है। चूंकि प्रणाली नई है और तकनीकी रूप से उपभोक्ताओं के लिए थोड़ी जटिल भी साबित हो रही थी; ऐसे में यूपीपीसीएल ने कहा है कि नेगेटिव बैलेंस होने के कारण जिन उपभोक्ताओं की बिजली स्वत: कट जाती थी; अब आपातकालीन बिजली बहाली के तहत उनका कनेक्शन तीन दिनों के लिए जोड़ दिया जाएगा; बशर्ते उपभोक्ता द्वारा कुल नेगेटिव बैलेंस का 50% रिचार्ज सुनिश्चित किया गया हो यानी कि पचास प्रतिशत रिचार्ज किया गया हो।प्रदेश में स्मार्ट मीटरिंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसके तहत अब तक लगभग 78 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 70.50 लाख प्री-पेड मीटर हैं, जो उपभोक्ताओं को ‘जितना इस्तेमाल, उतना भुगतान’ की आजादी दे रहे हैं।

– सटीक बिलिंग और 2% की सीधी छूट

स्मार्ट मीटर न केवल मानवीय हस्तक्षेप को खत्म कर रहे हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की जेब को भी राहत पहुंचा रहे हैं। प्री-पेड स्मार्ट मीटर अपनाने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित विद्युत टैरिफ पर 2 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अलावा, उपभोक्ता ‘यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप’ के जरिए अपनी दैनिक और प्रति घंटा खपत की निगरानी कर सकते हैं, जिससे बिजली चोरी और गलत बिलिंग की शिकायतों पर पूर्ण विराम लग गया है।

– बकाये का आसान समायोजन और सिक्योरिटी का लाभ

पुराने पोस्ट-पेड मीटर से प्री-पेड पर शिफ्ट होने वाले उपभोक्ताओं के मन में बिल को लेकर अक्सर भ्रम रहता है। यूपीपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता की पुरानी सिक्योरिटी राशि सीधे उनके प्री-पेड बैलेंस में जुड़ जाती है या पुराने बकाये में समायोजित कर दी जाती है।
बकायेदारों के लिए भी राहत भरी खबर है। यदि किसी उपभोक्ता का पुराना बकाया है, तो घरेलू उपभोक्ताओं (LMV-1) के लिए प्रत्येक रिचार्ज से बकाये की राशि का मात्र 10% से 25% हिस्सा (बकाये की रकम के अनुसार) ही काटा जाएगा, जिससे उन पर आर्थिक बोझ न पड़े। गौरतलब है कि यदि बकाया भुगतान एकमुश्त न चुकाया जाए, तो उस पर ब्याज दर लागू होगा।

-नहीं कटेगा कनेक्शन : ग्रेस पीरियड और विशेष राहत

नई प्रणाली होने के कारण उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यूपीपीसीएल ने कुछ राहत दी है जो कि इस प्रकार है;

  • 30 दिनों का ग्रेस पीरियड : पोस्ट-पेड से प्री-पेड में बदलाव के बाद उपभोक्ताओं को समझने और रिचार्ज करने के लिए 30 दिन का समय दिया जा रहा है।
  • यदि बैलेंस शून्य होने पर बिजली कट जाती है और उपभोक्ता कुल निगेटिव बैलेंस का 50 प्रतिशत भी रिचार्ज करता है, तो उसका कनेक्शन 3 दिनों के लिए तुरंत जोड़ दिया जाएगा। इसे आपातकालीन बिजली बहाली के रूप में समझा जा सकता है। हालांकि, यह सुविधा केवल एक बार ही मिलेगी।

– उपभोक्ताओं को डिजिटल रिचार्ज की सुविधा

अब बिजली दफ़्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता गूगल पे, फोनपे, भीम ऐप या यूपीपीसीएल की वेबसाइट के जरिए घर बैठे रिचार्ज कर सकते हैं। बैलेंस कम होने पर विभाग एसएमएस के जरिए अलर्ट भी भेजता है। यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अपना प्री-पेड बैलेंस हमेशा सकारात्मक रखें और मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी खपत पर नजर रखें।

Check Also

कानपुर में बवाल: चंपतनेवादा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पथराव के बाद पुलिस छावनी बना गांव; जानें क्या है पूरा मामला

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित बिल्हौर के ककवन थाना क्षेत्र में गुरुवार की …