Monday , 2 November 2026

UP Weather Update: कोहरे और खराब मौसम का विमानों पर असर, वाराणसी-काठमांडू जा रहीं 4 फ्लाइट्स लखनऊ डायवर्ट

लखनऊ सोमवार सुबह वाराणसी और काठमांडू में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके चलते विमान सेवाओं पर सीधा असर पड़ा। सुरक्षित लैंडिंग संभव न होने की स्थिति में एटीसी के निर्देश पर चार उड़ानों को आनन-फानन में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) की ओर मोड़ दिया गया। इनमें वाराणसी आ रही इंडिगो की दो फ्लाइट्स और नेपाल के काठमांडू जा रहीं हिमालय एयरलाइंस व फ्लाईदुबई की एक-एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान शामिल हैं। रूट में अचानक हुए इस बदलाव के कारण विमानों में सवार यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल मौसम संबंधी एहतियाती कदम था और किसी भी विमान में कोई तकनीकी खराबी या इमरजेंसी नहीं थी।

सुबह 7 से 8:30 बजे के बीच लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरीं उड़ानें एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दृश्यता तय मानकों से नीचे चली गई थी। इसके चलते बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6558 को डायवर्ट कर सुबह 7:20 बजे लखनऊ में सुरक्षित उतारा गया। इससे पहले दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6246 को भी सुबह 7:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। दोनों उड़ानों के यात्रियों को रनवे पर स्थिति साफ होने तक इंतजार कराया गया।

काठमांडू जा रहीं दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी अमौसी भेजा गया नेपाल की राजधानी काठमांडू में भी सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा, जिससे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों का उतरना जोखिम भरा हो गया था। इसके चलते चीन के हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान H9-226 को सुबह 7:40 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इसी तरह संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ-8399 को भी लखनऊ मोड़ दिया गया, जिसने सुबह 8:18 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।

मौसम साफ होते ही गंतव्य के लिए रवाना किए जाएंगे विमान चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। विमानों के लखनऊ पहुंचने पर यात्रियों के लिए जरूरी इंतजाम किए गए। एयरपोर्ट प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी विमान में कोई आपात स्थिति या यांत्रिक गड़बड़ी नहीं थी। वाराणसी और काठमांडू दोनों ही एयरपोर्ट्स पर मौसम सामान्य होने और रनवे पर विजिबिलिटी सुधरते ही सभी चारों विमानों को उनके मूल गंतव्यों के लिए रवाना कर दिया जाएगा।

Check Also

Ayodhya Deepotsav: ‘आस्था के साथ आर्थिकी को भी मिली नई ऊर्जा’, दीपोत्सव की तैयारियों के बीच बोले सीएम योगी- हर दीप में बसता है कुम्हार का श्रम

लखनऊ रामनगरी अयोध्या में भव्य और ऐतिहासिक दीपोत्सव की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इस …